UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए भारतीय जनता पार्टी यानि BJP और राष्ट्रीय लोकदल यानि RLD ने बड़ा मेगा प्लान बनाया है। यूपी चुनाव को लेकर दोनों दलों ने संयुक्त अभियान की तैयारी शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, इस अभियान का आगाज 23 दिसंबर को एक मेगा रैली से होने की संभावना है। बड़ी खबर यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हापुड़ जिले के नूरपुर गांव में होने वाली इस रैली को संबोधित कर सकते हैं।
बीजेपी और आरएलडी की मेगा रैली (फोटो साभार- TNN)
चौधरी चरण सिंह के जन्मदिन पर रैली का आयोजन
खास बात यह है कि 23 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की जयंती है। इसी अवसर पर रैली का आयोजन किए जाने की संभावना है। वहीं नूरपुर गांव पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का पैतृक गांव भी है। चौधरी चरण सिंह आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी के दादा थे। ऐसे में उनकी जयंती पर उनके पैतृक गांव से चुनावी अभियान की शुरुआत को राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है।
पश्चिम यूपी की 136 सीटों पर नजर
भाजपा और आरएलडी की नजर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जाट और गुर्जर वोट बैंक को एकजुट करने पर है। दोनों दल इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रहे हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए का पूरा फोकस पश्चिमी यूपी पर है। पश्चिमी यूपी की 136 विधानसभा सीटें रणनीतिक रूप से बेहद अहम मानी जाती हैं। यही वजह है कि भाजपा-आरएलडी गठबंधन ने यहीं से अपने संयुक्त अभियान की शुरुआत करने की योजना बनाई है। इन सीटों पर जीत हार में जाट और गुर्जर समुदाय के वोट निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- काशी की रामलीला में इस बार नहीं दिखी गंगा-जमुनी तहजीब, 485 सालों में पहली बार नहीं हुई अजान
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन हो सकते हैं शामिल
इस मेगा रैली में आरएलडी प्रमुख जयंत चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के शामिल होने की संभावना है। सभी बड़े नेताओं की मौजूदगी से रैली को और बड़ा बनाने की तैयारी है। चौधरी चरण सिंह की जयंती के मौके पर सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि राजस्थान और हरियाणा में भी भाजपा और आरएलडी की संयुक्त रैलियां आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इससे जाट बेल्ट में गठबंधन का संदेश और मजबूत होगा।
