Jammu Kashmir: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि कश्मीर घाटी से एक और बड़ी खुशखबरी सामने आई है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में अलगाववाद अंतिम सांस ले रहा है और हुर्रियत के दो और घटकों ने अलगाववाद का रास्ता छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इन घटनों ने अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के निर्माण में अपना भरोसा जताया है।
गृह मंत्री शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' के जरिए कश्मीर घाटी से जुड़ी बड़ी जानकारी साझा की। यह घटनाक्रम अलगाववादी समूह हुर्रियत के दो अन्य घटकों द्वारा की गई इसी प्रकार की घोषणाओं के दो दिन बाद हुआ है। हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के दो घटकों- जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट (JKPM) और जम्मू कश्मीर डेमोक्रेटिक पॉलिटिकल मूवमेंट (JKDPM)- ने मंगलवार को अलगाववाद त्यागने की घोषणा की थी।
शाह ने क्या कुछ कहा?
शाह ने कहा कि मोदी सरकार में अलगाववाद अपनी अंतिम सांस ले रहा है और एकता की जीत पूरे कश्मीर में गूंज रही है। शाह ने कहा, "कश्मीर घाटी से एक और अच्छी खबर है। हुर्रियत से जुड़े दो और समूहों, जेके तहरीक-ए-इस्तिकलाल और जेके तहरीक-ए-इस्तिकामत ने अलगाववाद का रास्ता छोड़ दिया और पीएम नरेंद्र मोदी के नए भारत के निर्माण में अपना विश्वास जताया है।"
