नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की फॉरेनर सेल ने उत्तर-पश्चिम जिले के महेन्द्रा पार्क इलाके से दो अवैध बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। दोनों ट्रांसजेंडर बताए जा रहे हैं, जो दिन में भिक्षा माँगते थे और रात में आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल रहते थे। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक जहाँगीरपुरी मेट्रो स्टेशन और नई सब्जी मंडी के आसपास घूम रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और छापेमारी की। इसी दौरान दोनों संदिग्धों को पकड़ा गया।
शुरुआत में दोनों ने खुद को भारतीय नागरिक बताया, लेकिन पूछताछ में उनके जवाबों और हावभाव से शक गहरा गया। बाद में जांच में उनके पास से बांग्लादेशी पहचान पत्र और मोबाइल फोन मिले, जिनमें बांग्लादेश से जुड़े फोटो और ऑनलाइन कनेक्शन मिले। फोन में प्रतिबंधित IMO ऐप भी इंस्टॉल पाया गया।
पूछताछ में दोनों ने अपनी असली पहचान कबूल कर ली। इनमें से एक ने तो जेंडर-अफर्मिंग सर्जरी कराकर महिला जैसी शक्ल बनाई थी और रोज मेकअप, साड़ी-सलवार, विग और महिला जैसे हावभाव से अपनी पहचान छुपाता था।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खाजा मैनुद्दीन उर्फ खतीजा और राजेब चंद्र सरकार के रूप में हुई दोनों मूल रूप से ढाका, बांग्लादेश के रहने वाले है।
दोनों बिना पासपोर्ट, वीजा या किसी वैध दस्तावेज़ के भारत में रह रहे थे। अब उनके खिलाफ विदेशी अधिनियम 1946 समेत अन्य कानूनों के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और FRRO के जरिए निर्वासन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि राजधानी में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
