Twisha Sharma death case : ट्विशा शर्मा डेथ केस में बड़ी खबर सामने आ रही है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के आदेश के बाद रविवार को यानी कल ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। न्यायालय ने एम्स दिल्ली के निदेशक को इसके किए एक चिकित्सा बोर्ड गठित करने का अधिकार दिया था। जिसके बाद एम्स के फॉरेंसिक विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने निदेशक की स्वीकृति से एम्स दिल्ली के 4 वरिष्ठ डॉक्टरों का एक चिकित्सा बोर्ड गठित किया है,जो पोस्टमार्टम करेगा। यह टीम सभी आधुनिक उपकरणों के साथ आज शाम 6 बजे राज्य के चार्टर विमान से रवाना होगी।
ट्विशा शर्मा का होगा दोबारा से पोस्टमार्टम (फोटो- X)
ट्विशा शर्मा के शव की जांच करने वाली टीम अपनी रिपोर्ट सीधे डॉक्टर सुधीर गुप्ता को सौंपेंगे। फिलहाल ट्विशा शर्मा का शव एम्स भोपाल की मॉर्चरी में रखा गया है। पहले तय हुआ था कि भोपाल से शुक्रवार की शाम को ट्विशा शर्मा का शव दिल्ली एम्स लाया जाएगा, लेकिन शव की हालत को देखते हुए डॉक्टरों की टीम को भोपाल भेजा जा रहा है।
दोबारा पोस्टमार्टम की मंजूरी
इससे पहले, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में शव का दोबारा पोस्टमार्टम किए जाने का मामला पहुंचा, जहां अदालत ने इसकी मंजूरी दे दी थी। ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने इस फैसले के लिए हाईकोर्ट का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शव के दोबारा पोस्टमार्टम की इजाजत मिल गई है और इसके लिए हम हाई कोर्ट और न्यायपालिका के बहुत आभारी हैं। अब प्रशासन को जो भी कार्रवाई करनी है, वह बिना किसी देरी के तुरंत की जानी चाहिए। उसके बाद हम अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।
अदालत में हुई थी तीखी बहस
इससे पहले सुनवाई के दौरान, शव के दोबारा पोस्टमार्टम कराए जाने की मांग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट में तीखी बहस देखने को मिली थी। याचिकाकर्ता की तरफ से जहां दोबारा पोस्टमार्टम की जरूरत पर जोर दिया गया, वहीं दूसरी तरफ आरोपी पक्ष के वकील ने इसका कड़ा विरोध किया। उन्होंने तर्क दिया कि पहला पोस्टमार्टम पर्याप्त है और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग करना चिकित्सा बिरादरी का अपमान है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह मांग जांच प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाने और डॉक्टरों की क्षमता पर अविश्वास जताने जैसा है। हालांकि, लंबी बहस के बाद कोर्ट ने सेकंड पोस्टमार्टम पर सहमति जता दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने ट्विशा की बॉडी को एम्स भोपाल में सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं।
12 मई को मृत मिली थी ट्विशा
बता दें कि ट्विशा शर्मा 12 मई की रात भोपाल स्थित अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, उन्हें कथित तौर पर 12 मई की रात लगभग 10:26 बजे घर की छत पर जिम्नास्टिक रिंग की रस्सी से लटका हुआ पाया गया था। उनका पोस्टमार्टम 13 मई को एम्स भोपाल के फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी विभाग में किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सी से फांसी लगाने को मौत का कारण बताया गया था।
