Snowfall in Jammu-Kashmir: भारी बर्फबारी से जम गए रेलवे ट्रैक, जम्मू-कश्मीर में ठप हुईं ट्रेनें; बर्फ की सिल्ली हुईं सड़कें

Snowfall in Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी होने से बनिहाल-बारामुल्ला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने से पहले एक डब्ल्यूडीएम इंजन के साथ एक 'स्नो कटर' को ट्रैक पर चलाया जाएगा।

Snowfall in Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का दौर जारी है। बर्फबारी से सड़क यातायात और रेलवे सेवाएं प्रभावित हैं। सड़क मार्ग के बंद होने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पटरियों पर भारी बर्फ जमा हो जाने के कारण शनिवार को बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं स्थगित कर दी गई हैं। पटरियों से बर्फ हटाने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने बताया कि रेल की पटरी पर भारी बर्फ जमा होने और लगातार हिमपात के कारण बनिहाल-बारामूला खंड पर ट्रेन सेवाएं शनिवार दोपहर एक बजे तक स्थगित रहेंगी।उन्होंने बताया कि ट्रेनों की आवाजाही शुरू होने से पहले एक डब्ल्यूडीएम इंजन के साथ एक 'स्नो कटर' को ट्रैक पर चलाया जाएगा। इन सेवाओं के प्रभावित होने से लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Train services suspended on Banihal-Baramulla

बनिहाल-बारामुल्ला खंड पर ट्रेनें ठप (फाइल फोटो)

जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंसे

भारी बर्फबारी के कारण शनिवार को घाटी में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। पीर पंजाल सुरंग और श्रीनगर शहर के बीच जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैकड़ों वाहन फंसे रहे। शुक्रवार दोपहर को भारी बर्फबारी शुरू हो गई, जो शनिवार सुबह तक जारी रही। सड़क पर अत्यधिक फिसलन से पीर पंजाल सुरंग और श्रीनगर शहर के बीच सैकड़ों वाहन अटके पड़े हैं। भारी बर्फबारी और शून्य से नीचे के तापमान के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर बर्फ की मोटी चादर जम गई। जिसकी वजह से हाइवे पर गाड़ियां कई घंटों तक सुरंग के अंदर फंसी रहीं। स्थानीय अधिकारी सड़क पर फंसी हुई गाड़ियों को निकालने के लिए काफी प्रयास कर रहे थे, लेकिन बर्फबारी के कारण वाहन लगातार कई घंटों तक फंसे रहे।

End of Feed