देश

'गंदी राजनीति करो बंद': पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक को लेकर मची खींचतान के बीच BJP ने कांग्रेस पर साधा निशाना

Manmohan Singh Memorial: भाजपा ने कांग्रेस से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नाम पर गंदी राजनीति नहीं करने को कहा। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस को याद करना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव की मौत के बाद उन्होंने उनके साथ कैसा व्यवहार किया था।

Image

भाजपा ने कांग्रेस से पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह नाम पर गंदी राजनीति नहीं करने को कहा।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Manmohan Singh Memorial: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को आज सुपुर्द-ए-खाक किए जाने से कुछ घंटे पहले उनके स्मारक को लेकर विवाद शुरू हो गया जिसके बाद भाजपा ने कांग्रेस से उनके नाम पर गंदी राजनीति नहीं करने को कहा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बात कर उसी स्थान पर मनमोहन सिंह का स्मारक बनाने की संभावना तलाशने के बारे में बात की थी, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि यह राजनेताओं और पूर्व प्रधानमंत्रियों के अंतिम संस्कार स्थल पर ही उनके स्मारक बनाने की परंपरा के अनुरूप है। बाद में जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में केंद्र ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि डॉ. सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की जाएगी, जबकि इस बीच अंतिम संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा सकती हैं।

डॉ. सिंह की मौत पर गंदी राजनीति करना बंद करे कांग्रेस

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने भी भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि केंद्र सरकार स्मारक के लिए स्थान क्यों नहीं ढूंढ पाई। उन्होंने इसे भारत के पहले सिख प्रधानमंत्री का अपमान बताया। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस को डॉ. सिंह की मौत पर गंदी राजनीति करना बंद कर देना चाहिए। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस को याद करना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंह राव की मौत के बाद उन्होंने उनके साथ कैसा व्यवहार किया था। प्रणब मुखर्जी की बेटी ने भी ट्वीट किया है कि कांग्रेस ने उनके पिता, जो कि पूर्व राष्ट्रपति थे, के साथ कितना बुरा व्यवहार किया। डॉ. सिंह 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे। उन्होंने भारतीय रिजर्व बैंक का भी नेतृत्व किया और प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव के कार्यकाल में वित्त मंत्री के रूप में कार्य किया। गुरुवार को 92 वर्ष की आयु में दिल्ली के एम्स में उनका निधन हो गया।

डॉ. सिंह का पार्थिव शरीर सुबह 8.30 बजे से एक घंटे के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में रखा जाएगा, ताकि लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन कर सकें। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बताया कि सिंह की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 9.30 बजे मुख्यालय से श्मशान घाट तक जाएगी। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर सुबह 11.45 बजे किया जाएगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article