देश

राजस्थान: गैस टैंकर हादसे में घायल हुए एक और व्यक्ति की मौत, मृतकों की संख्या 20 हुई

Gas tanker Blast: गैस टैंकर हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक और व्यक्ति ने शनिवार को दम तोड़ दिया, जिसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। फिलहाल अस्पताल में सात लोगों का इलाज किया जा रहा है।

Image

गैस टैंकर हादसे में घायल हुए लोगों में एक और शख्स की मौत

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gas tanker Blast: जयपुर के गैस टैंकर हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक और व्यक्ति ने शनिवार को दम तोड़ दिया, जिसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। चिकित्सकों ने यह जानकारी दी। हादसे में झुलसे सात लोगों का यहां एसएमएस अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। एसएमएस अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुशील भाटी ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक और व्यक्ति की शनिवार को मौत हो गई। सुशील भाटी ने कहा कि फिलहाल अस्पताल में सात लोगों का इलाज किया जा रहा है।

भीषण आग की चपेट में आ गए थे 35 लोग

जयपुर के भांकरोटा इलाके में 20 दिसंबर को तड़के जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर एक ट्रक ने एलपीजी से भरे टैंकर को टक्कर मार दी थी, जिसके बाद लगी भीषण आग की चपेट में 35 से अधिक वाहन आ गए थे। घटना वाले दिन 11 लोगों की मौत हुई थी और अब मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है।

बता दें, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) द्वारा एक्स पर किये गए एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा था कि राजस्थान में जयपुर-अजमेर राजमार्ग पर हुए हादसे में लोगों की मौत से दुखी हूं। उन लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। पीएमओ ने कहा था कि इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से अनुग्रह राशि के तौर पर दो-दो लाख रुपये दिए जाएंगे। घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article