फिर आसमान पर पहुंचीं टमाटर की कीमतें, मदर डेयरी पर 259 रुपये किलो के भाव पर बिका

  • Agency by: Agency
  • Updated Aug 2, 2023, 06:26 PM IST

राष्ट्रीय राजधानी में खुदरा कीमतें हाल ही में कम होने लगी थीं, लेकिन कम आपूर्ति के कारण इनमें फिर से उछाल आ गया है।

Tomato Price: राष्ट्रीय राजधानी में टमाटर की कीमतें एक बार फिर आसमान छू रही हैं। मदर डेयरी ने अपनी सफल खुदरा दुकानों पर बुधवार को टमाटर 259 रुपये प्रति किलो के भाव पर बेचा। टमाटर के प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण आपूर्ति बाधित होने से इसकी कीमतें एक महीने से अधिक समय से बढ़ी हुई हैं। केंद्र सरकार ने स्थिति को देखते हुए 14 जुलाई से रियायती दर पर टमाटर की बिक्री शुरू की। राष्ट्रीय राजधानी में खुदरा कीमतें हाल ही में कम होने लगी थीं, लेकिन कम आपूर्ति के कारण इनमें फिर से उछाल आ गया है।

टमाटर की खुदरा कीमत 203 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंची

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को टमाटर की खुदरा कीमत 203 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जबकि मदर डेयरी की सफल खुदरा दुकानों पर इसकी कीमत 259 रुपये प्रति किलोग्राम रही। मदर डेयरी के प्रवक्ता ने कहा, मौसम के खराब होने के कारण पिछले दो महीने से देशभर में टमाटर की आपूर्ति प्रभावित हुई है। पिछले दो दिन में आजादपुर मंडी में टमाटर की आवक काफी कम हुई है। कम आपूर्ति के कारण थोक कीमतें तेजी से बढ़ी हैं, जिसका असर खुदरा कीमतों पर भी पड़ा है।

End of Feed