ममता बनर्जी को लेकर गिरिराज सिंह की टिप्पणी, TMC की महिला सांसदों ने किया प्रदर्शन- की बर्खास्त करने की मांग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 7, 2023, 02:42 PM IST

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर आपत्तिजनक बयान के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला सांसदों ने संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया।

नई दिल्ली: केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह के पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को निशाना बनाकर दिए गए कथित आपत्तिजनक बयान के खिलाफ तृणमूल कांग्रेस की महिला सांसदों ने गुरुवार को संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। तृणमूल की महिला सांसदों ने संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन किया। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिनमें गिरिराज सिंह को बर्खास्त करने की मांग की गई थी।

Mamata Banerjee, Giriraj Singh, Mahua Moitra TMC women MPs demonstration

ममता बनर्जी पर गिरिराज के खिलाफ बयान के बाद महिला सांसदों का प्रदर्शन

तृणमूल की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा ने कहा कि हमने कल बयान सुना जो पूरी तरह शर्मनाक, नारी विरोधी और पितृ सत्तात्मक था। केंद्रीय मंत्री देश की एकमात्र महिला मुख्यमंत्री पर टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्या इस तरह की भाषा का इस्तेमाल होना चाहिए। भाजपा और उसके मंत्रियों के साथ यही समस्या है। मोइत्रा ने आरोप लगाया कि वे महिलाओं को पसंद नहीं करते। वे महिलाओं को ऊंचे पदों पर नहीं देख सकते। उनके मूल में ही नारी विरोध है। मोइत्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिंह का एक साक्षात्कार साझा किया है, जिसमें उन्हें बनर्जी का उल्लेख करते हुए सुना जा सकता है, जश्न मना रही है, ठुमके लगा रही है, ये उचित नहीं है।

End of Feed