Times Now Summit 2024: टाइम्स नाउ समिट- इंडिया अनस्टॉपेबल में टाइम नेटवर्क की ग्रुप एडिटर और टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार के साथ बात करते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है। अमेठी से अब तक कांग्रेस की ओर से कैंडिडेट की घोषणा नहीं होने को लेकर जब स्मृति ईरानी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि चिंता है, इसलिए चिंतन हो रहा है। स्मृति ईरानी ने सवाल पूछते हुआ कहा कि क्या गांधी परिवार, अपने दम पर अमेठी से चुनाव लड़ने में सक्षम है? बता दें कि स्मृति ईरानी वर्तमान समय में अमेठी से सांसद हैं। 2019 में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था।
कांग्रेस पर स्मृति ईरानी का हमला
टाइम्स नाउ समिट में जब स्मृति ईरानी से पूछा गया कि कांग्रेस पार्टी ने अबतक न तो रायबरेली से और न ही अमेठी में कोई भी उम्मीदवार तय किया है, आप क्या कहेंगी? चिंतन कर रहे हैं, मंथन कर रहे हैं? इस सवाल के जवाब में स्मृति ईरानी ने कहा- "देखिए चिंता है इसलिए चिंतन कर रहे हैं, चिंता का कारण यह है कि साल 2019 में पहली बार भारत की राजनीति के इतिहास में कांग्रेस के उस समय के अध्यक्ष अपनी सीट से हारे थे। उस वक्त कांग्रेस अकेले चुनाव नहीं लड़ी थी, सपा और बसपा के समर्थन से लड़ी थी। तो जिसे आज आप इंडिया एलायंस कहते हैं उसको अमेठी में भारतीय जनता पार्टी ने एकतरफा हराया था साल 2019 में।"
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर तंज
स्मृति ईरानी ने टाइम्स नाउ समिट में कहा कि जब राहुल गांधी की यात्रा अमेठी पहुंची तो जनता तो छोड़िए उनके कार्यकर्ता तक नहीं पहुंचे थे। हाल ये हो गया कि जनपद के बाहर टोल नाके पर उन्हें कार्यक्रम करना पड़ गया, वहां पर भी कोई नहीं आया। वो कांग्रेस के अमेठी कार्यालय में भी नहीं रुके। उन्होंने वायनाड से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा करके साफ कर दिया है कि अमेठी उनके लिए दूसरे नंबर पर है। दूसरी बात क्या वो अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम हैं, बिना अखिलेश बिना मायावती वो अपने दम पर चुनाव लड़ सकते हैं? तो जिसे खुद सहारे की जरूरत है चुनाव लड़ने के लिए, वो दूसरों का सहारा क्या खाक बनेंगे।
कांग्रेस के आरोपों पर क्या बोलीं स्मृति ईरानी
कांग्रेस की ओर से मोदी सरकार पर लगाए गए आरोपों पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि क्या कांग्रेस होती तो राम मंदिर बनता, कश्मीर से धारा 370 हटती? समृति ईरानी ने कहा कि जब गांधी खानदान सत्ता में था तब क्या कोविड जैसी विषम परिस्थिति आई? नहीं आई, मोदी सरकार के समय आई और मोदी सरकार ने वैक्सीन बनाने को लेकर प्रोत्साहन दिया, लोगों को वैक्सीन लगवाई, दुनिया के 160 देशों में वैक्सीन को भेजा। कांग्रेस के आरोपों पर स्मृति ईरानी ने कहा कि आप खाएं पैसा और आप पर कार्रवाई न हो। ये संभव है?
