देश

टाइम्स ग्रुप के MD विनीत जैन बोले-'भारत का लोकतंत्र दुनिया के लिए उम्मीद, जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा इंडिया'

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 27, 2024, 06:21 PM IST

Times Now Summit 2024 : टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन ने कहा कि अपने समिट के जरिए टाइम्स नाउ हमेशा से सामाजिक विकास के लिए एक रोडमैप और एजेंडा पेश करता आया है। अगले दो दिनों में हम भारत की ऐसी छवि के बारे में चर्चा करेंगे जो न केवल तेजी से विकास कर रहा है।

Image

टाइम्स नाउ समिट 2024 में टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन।

Times Now Summit 2024 : भारत का लोकतंत्र आज दुनिया के लिए एक उम्मीद और प्रेरणा है। भारत एक वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। नए देशों के साथ इसकी साझेदारी बढ़ रही है तो पुराने देशों के साथ संबंध मजबूत हुए हैं। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों को तय करने में आज भारत की बड़ी भूमिका है। अगले कुछ वर्षों में वह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। ये बातें द टाइम्स ग्रुप के एमडी एवं सीईओ विनीत जैन ने टाइम्स नाउ समिट 2024 के पहले दिन कहीं।

हम ऐतिहासिक समय में हैं-विनीत जैन

द टाइम्स ग्रुप के एमडी ने कहा कि अपने समिट के जरिए टाइम्स नाउ हमेशा से सामाजिक विकास के लिए एक रोडमैप और एजेंडा पेश करता आया है। अगले दो दिनों में हम भारत की ऐसी छवि के बारे में चर्चा करेंगे जो न केवल तेजी से विकास कर रहा है बल्कि शानदार ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा, 'दोस्तो, हम ऐतिहासिक समय में हैं। अभी डेढ़ महीने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने टाइम्स नाउ ईटी समिट में कहा कि सभी इस बात को मानते हैं कि यह भारत का समय है। भारत की क्षमताओं को लेकर इस तरह का सकारात्मक नजरिया कभी नहीं रहा। इसी समिट में पीएम मोदी की मौजूदगी में मैंने कहा था कि देश जिस तरह से तरक्की कर रहा है, उसे देखते हुए भारत कुछ ही वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। पीएम ने अपने संबोधन में इस बात का जिक्र करते हुए कहा कि तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में कोई संदेह नहीं है। पीएम ने कहा कि यह नया भारत निर्मित करने का समय है।'

हर जगह अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा भारत

विनीत जैन ने कहा, 'भारत जो कि विविधताओं एवं विरासत से भरा पूरा देश है। अब यह कहीं रुकने नहीं जा रहा है। चाहे राजनीति हो या वैश्विक आर्थिक व्यवस्था, कूटनीति से लेकर सैन्य ताकत, भारत हर जगह अपनी उपस्थिति तो दर्ज करा ही रहा है, वह दुनिया के भविष्य की रूपरेखा भी तय कर रहा है। भारत का लोकतंत्र आज दुनिया के लिए एक उम्मीद और प्रेरणा है। हर एक चुनाव में यहां के लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं। चुनावों में शामिल होकर लोग यह सुनिश्चित करते हैं कि उनकी आवाज सुनी जाए और उनकी पसंद को सम्मान मिले। यह लोकतांत्रिक भावना न केवल हमारे देश के ताने-बाने को मजबूत बनाती है बल्कि दुनिया भर में विकसित हो रहे लोकतंत्र के लिए प्रेरणा का काम करती है।'

भारत की आर्थिक तरक्की शानदार

द टाइम्स ग्रुप के एमडी ने आगे कहा कि भारत एक वैश्विक नेतृत्वकर्ता के रूप में अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। नए देशों के साथ इसकी साझेदारी बढ़ रही है तो पुराने देशों के साथ संबंध मजबूत हुए हैं। क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों को तय करने में आज भारत की बड़ी भूमिका है। एशिया, अफ्रीका सहित अन्य महाद्वीपों में भारत का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। आर्थिक क्षेत्र में भारत की तरक्की शानदार है। मैंने अभी हाल में पढ़ा है कि सरकार की योजना अर्थव्यवस्था के मौजूदा आकार 3.7 ट्रिलियन डॉलर से बढ़ाकर 2047 तक 30 से 35 खरब डॉलर करने की है।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि दुनिया की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था से पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर भारत अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर चुका है। अगले कुछ वर्षों में वह तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। सरकार भी 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने की बात कह चुकी है। इस दिशा में बढ़ने के लिए यह हम सभी के लिए एक रोमांचकारी लक्ष्य है। इस समिट में यहां बैठे कुछ लोग इस ऐतिहासिक अवसर को देख पाएंगे। कुल मिलाकर यही कहना है कि यहां के नागरिकों की अदम्य भावना और दूरदर्शी राजनीतिक नेतृत्व भारत की इस अबाध यात्रा को आगे बढ़ा रहा है।

द टाइम्स ग्रुप के एमडी ने आगे कहा कि टाइम्स नाउ एक दशक से ज्यादा समय से देश का नंबर वन न्यूज चैनल रहा है। डिजिटल न्यूज में भी इसका गहरा असर रहा है। यूट्यूब पर भी यह सबसे ज्यादा देखे जाने वाला न्यूज चैनल बना है। पिछले महीने इसे 8.1 करोड़ व्यूज मिले। टाइम्स नेटवर्क के टीवी चैनल भारत में 250 मिलियन से ज्यादा दर्शकों को शानदार और अनोखा कंटेंट उपलब्ध करा रहे हैं। टाइम्स नाउ का डिजिटल नेटवर्क भी अंग्रेजी, हिंदी और बिजनेस कैटेगरी में सबसे तेजी से बढ़ता न्यूज नेटवर्क है। यह दुनिया भर के 100 से ज्यादा देशों में अपनी मौजूदगी बना चुका है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article