Times Now Summit 2022:आज जब भारत दुनिया में एजेंडा तय करने वाले देश के रूप में अपनी पहचान रखता है। इसी कड़ी में टाइम्स नाउ देश के सबसे बेहतरीन लोगों को एक मंच पर लेकर आया है। जो 'इंडिया: वाइब्रेंट डेमोक्रेसी ग्लोबल ब्राइट स्पॉट' पर मंथन करेंगे। भारत ने अपनी विकासपरक योजनाओं के जरिए जो स्थान हासिल किया है, उसकी तस्दीक खुद अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की मैनेजिंग डायरेक्टर क्रिस्टालिना जॉर्जीवा ने भारत को ग्लोबल ब्राइट स्पॉट के रूप में बताते हुए की है। हालांकि, यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं था। क्योंकि इस बीच कोविड-19 महामारी, यूक्रेन युद्ध, मंदी का डर और दूसरी भू-राजनीतिक तनाव के कारण, देश की 140 करोड़ जनता द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों के बिखरने की भी चुनौती थी।
नई दिल्ली में आयोजन
ग्लोबल लेवल पर विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कई ऐसे फैक्टर हैं जो भारत को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इसमें दुनिया का सबसे बड़ा और संपन्न, लोकतंत्र होने की खासियत है, और ऐसा तब है जब उसके सामने चुनौतीपूर्ण पड़ोसी हैं। भारत अपने विशाल जनसांख्यिकीय का फायदा उठाने और वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए एक प्रमुख विकास इंजन के रूप में उभरने के लिए तैयार है। पिछले कुछ वर्षों में हासिल किए गए कई मील के पत्थर ने भारत को उस स्थिति में पहुंचा दिया है जहां वह अपने राष्ट्रीय हित को सबसे ऊपर रख सकता है।
पहला दिन -इंडिया फर्स्ट के नैरेटिव को ध्यान में रखते हुए, टाइम्स नाउ समिट 2022 दुनिया के सामने अपने बदलाव के एजेंट्स और लीडर्स के विजन को पेश करेगा। सम्मेलन के पहले दिन की शुरुआत गृह मंत्री अमित शाह के वैश्विक महाशक्ति के रूप में उभर रहे भारत के आह्वान के साथ होगी। आधुनिक दौर के चाणक्य और मास्टर रणनीतिकार के रूप में लोकप्रिय अमित शाह 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए अपने विजन को भी साझा करेंगे।
दूसरा दिन-सम्मेलन के दूसरे दिन विदेश मंत्री एस जयशंकर मौजूद रहेंगे। विदेश मंत्री हर बार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत के पक्ष को मजूबती से रखते हैं। और हर बार देशवासियों का दिल जीतते हैं। सम्मेलन के दौरान वह वैश्विक संघर्ष की चुनौतियों पर विस्तार से बताएंगे।
सम्मेलन के दौरान कपड़ा, वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी मंच साझा करेंगे। हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई संसद ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते को मंजूरी दी है। यह व्यापार क्षेत्र में भारत की अहमियत का एक और गवाह है, साथ ही इस बात की संकेत है कि दुनिया का चाइना वन प्लस मॉडल से मोहभंग हो रहा है।
सम्मेलन में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव भी मौजूद रहेंगे। यादव हाल ही में संपन्न COP27 की ऐतिहासिक बैठक से लौटे हैं। इस बैठक में 'क्षति एवं नुकसान' फंड पर अंतिम सहमति बनी है। जलवायु परिवर्तन के खतरों से निपटने के लिए भारत ने कुछ विकसित देशों की तुलना में ज्यादा कदम उठाए हैं। चाहे अंतरराष्ट्रीय सोलर अलायंस की स्थापना करने की बात हो या 2070 तक नेट जीरो लक्ष्य को हासिल करने की प्रतिबद्धता भारत इन उपायों में हमेशा आगे रहा है।
केंद्रीय मंत्रियों के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
सम्मेलन के मुख्य वक्ताओं में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा एवं खेल मामलों के केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी, कानून एवं न्याय मंत्री किरन रीजीजू, परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह, ट्रेंड्स वर्ल्ड बैंक के पूर्व प्रमुख एवं ग्लोबल गर्वनेंस फोरम के चेयरमैन आगुस्टो लोपेज क्लारोस, पीएम-ईएसी के सदस्य संजीव सान्याल और नीति आयोग के सीईओ परमेश्वरन अय्यर शामिल हैं।
सम्मेलन में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी और गोवा के सीएम प्रमोद सावंत राज्यों द्वारा बनाए जा रहे निवेश एवं रोजगार के अवसरों पर अपनी बात रखेंगे। जबकि तेलंगाना सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री के.टी. रामा राव अर्थव्यवस्था के विकास में राज्यों की भूमिका पर अपने विचार पेश करेंगे। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान सहयोगात्मक शासन की संभावनाओं पर अपने अनुभव साझा करते नजर आएंगे।
टाइम्स नेटवर्क के एमडी एवं सीईओ एमके आनंद ने कहा, 'देश के ज्वलंत मुद्दों को सामने लाने में टाइम्स नाउ समिट भारत का सबसे प्रभावशाली प्लेटफॉर्म बनकर उभर रहा है। वैश्विक संकट एवं चुनौतियों और नई वैश्विक व्यवस्था के बीच भारत तेजी के साथ एक प्रभावशाली देश के रूप में उभरा है। 'इंडिया' : वाइब्रेंट डेमोक्रेसी, ग्लोबल स्पॉट' थीम के साथ आगे बढ़ते हुए दुनिया भर के दिग्गज नेता टाइम्स नाउ समिट-2022 में अपने विचार रखेंगे। दुनिया के विकास को आगे ले जाने में भारत की भूमिका कैसी हो, अपने-अपने क्षेत्रों के ये दिग्गज महारथी इस पर एक प्रभावी एक्शन प्लान पर परिचर्चा करते नजर आएंगे।'
देश और दुनिया के अहम मुद्दों पर चर्चा होने के बाद समिट का समापन प्रख्यात लेखक चेतन भगत के सत्र के साथ होगा। इस सत्र में भगत बॉलीवुड एवं इसके एकाधिकार पर अभिनेता अनुपम खेर और अभिनेता-निर्देशक ऋषभ शेट्टी से सवाल-जवाब करेंगे।
