एक खालिस्तान-समर्थक समूह ने कथित तौर पर एक ई-मेल भेजकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की शुक्रवार को जींद में होने वाली रैली को निशाना बनाने की धमकी दी है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां उच्च सतर्कता बरत रही हैं। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि ई-मेल में धमकी दी गई है कि प्रधानमंत्री के पंजाब और हरियाणा दौरे के दौरान 17 जुलाई को चंडीगढ़ और जालंधर में विद्यालयों, रेलवे स्टेशन और अन्य जगहों पर बम धमाके किए जाएंगे।
ई-मेल में रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है। यह ई-मेल कथित तौर पर 'खालिस्तान नेशनल आर्मी' नामक एक समूह की ओर से भेजा गया था। इस समूह ने हाल के महीनों में इसी तरह की धमकियां दी हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नागपुर मुख्यालय को दी गई धमकी भी शामिल है।
ई-मेल में खालिस्तान, किसानों और मारे गए जसवंत सिंह खालड़ा का ज़िक्र
अधिकारियों ने बताया ई-मेल में खालिस्तान, किसानों और मारे गए मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा का जिक्र था और गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया है।दोसांझ ने फिल्म 'सतलुज' में खालड़ा का किरदार निभाया है। यह फिल्म तीन जुलाई को रिलीज़ होने के दो दिन बाद ही भारत में ओटीटी मंच जी5 से हटा दी गई थी, क्योंकि सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई थीं, जिसके बाद यह फिल्म विवादों में घिर गई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:क्या है RICO एक्ट? जिसे US ने लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ है लगाया, क्या भारत से मांगेगा प्रत्यर्पण
यह फिल्म खालड़ा की जिंदगी पर आधारित है, जिन्होंने 1984 और 1994 के बीच पंजाब में हज़ारों अज्ञात शवों के कथित तौर पर गैर-कानूनी ढंग से अंतिम संस्कार किए जाने की जांच की थी। उस समय राज्य आतंकवाद की चपेट में था।ई-मेल में धमकी दी गई थी कि स्कूलों, मोहाली के महापौर कार्यालय और जालंधर व चंडीगढ़ के रेलवे स्टेशन पर परिष्कृत विस्फोटक उपकरण (IED) से धमाके किए जाएंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:कनाडा ने पहली बार माना- एयर इंडिया फ्लाइट में खालिस्तानियों ने लगाया था बम, यह कबूलनामा भारत के लिए क्यों अहम?
प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा का दौरा करेंगे
अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल में दावा किया गया था कि 17 जुलाई को अपराह्न 1:11 बजे स्कूलों में और अपराह्न 3:11 बजे मोहाली के महापौर कार्यालय में धमाके होंगे।प्रधानमंत्री मोदी 17 जुलाई को चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा का दौरा करेंगे और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। वह हरियाणा के जींद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।धमकी मिलने के बाद, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू की और संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। अधिकारियों ने बताया कि वे ई-मेल की प्रमाणिकता और धमकी की विश्वसनीयता की जांच कर रहे हैं।
