देश

'जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे किसानों का हित नहीं कर सकते', बिहार पहुंचे PM मोदी का लालू यादव पर तंज

PM Modi Rally in Bihar : पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किश्त जारी करने के बाद भागलपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे किसानों के हित के बारे में नहीं सोच सकते। प्राकृतिक आपदाओं के समय ये लोग किसानों को उनकी हालत पर छोड़ देते थे।

Image

भागलपुर में जनसभा को संबोधित करते पीएम मोदी।

PM Modi Rally in Bihar : दिल्ली में जोरदार जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने अगले चुनावी मिशन में जुट गई है। इसी साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में पार्टी अभी से विरोधियों को अपने निशाने पर लेने लगी है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर तीखा हमला बोला। पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी करने के बाद भागलपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे किसानों के हित के बारे में नहीं सोच सकते। प्राकृतिक आपदाओं के समय ये लोग किसानों को उनकी हालत पर छोड़ देते थे लेकिन 2014 में हमारी सरकार बनने के बाद फसलों की सुरक्षा के लिए 'पीएम क्रॉप इंश्योरेंस स्कीम' लॉन्च की गई।

पीएम ने राजद-कांग्रेस पर हमला बोला

राजद और कांग्रेस पर हमला बोलते हुए पीएम ने कहा, 'जंगलराज वाले सरकार में थे तो इन लोगों ने खेती का कुल जितना बजट रखा था उससे कई गुना ज्यादा पैसा हम किसानों के बैंक खाते में भेज चुके हैं। वह काम कोई भ्रष्टाचारी नहीं कर सकता है। यह काम वही कर सकता है जो किसान कल्याण के लिए समर्पित हो। कांग्रेस हो, जंगलराज वाले हों, इनके लिए किसानों की तकलीफ मायने नहीं रखती।'

किसोनों को यूरिया के लिए लाठी खानी पड़ती

पीएम ने कहा-'यूपीए की सरकार में यूरिया के लिए किसान लाठी खाता था। यूरिया की कालाबाजारी होती थी। आज किसानों को पर्याप्त खाद मिलती है। हमने तो कोरोना के महासंकट में भी किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी। अगर एनडीए की सरकार नहीं होती तो क्या होता? अगर एनडीए सरकार नहीं होती तो आज भी किसानों को खाद के लिए लाठियां खानी पड़तीं। बरौनी खाद कारखाना बंद होता। दुनिया के कई देशों में खाद की बोरी तीन हजार रुपए में मिल रही है, वह भारत में 300 रुपए से कम में मिल रही है। हमारी सरकार किसानों के बारे में सोचती है। उनकी भलाई के लिए काम करती है। इसलिए यूरिया और डीएपी खाद पर पैसा सरकार खर्च कर रही है।'

खुली जीप में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को बिहार के भागलपुर में फूलों से सजे एक खुले वाहन पर सवार होकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ अपने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। मोदी अपने विशेष विमान से पूर्णिया पहुंचे और वहां से लगभग 90 किलोमीटर दूर भागलपुर के लिए हेलीकॉप्टर से रवाना हुए। भागलपुर पहुंचने पर नीतीश कुमार एवं अन्य गणमान्य लोगों ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड मंच से कुछ सौ मीटर की दूरी पर था जहां से मोदी नीतीश कुमार के साथ एक रोड शो के दौरान फूलों से सजे एक खुले वाहन पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article