PM Abuse Row: प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित अपशब्द मामले को लेकर सियासत गर्माती जा रही है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह से लेकर तमाम भाजपाई नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पटना में तो भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई भी हुई। इस बीच, इस मामले में कांग्रेस की सफाई सामने आई है जिसमें बयान की जांच कराने की मांग की गई है।
कांग्रेस ने की कार्रवाई की मांग
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस बयान की जांच होनी चाहिए कि यह किसने दिया या किसका बयान है। कांग्रेस का कोई भी व्यक्ति नहीं चाहेगा कि प्रधानमंत्री या उनके परिवार के खिलाफ अपशब्द बोले जाएं। यह कांग्रेस की संस्कृति नहीं है... कार्रवाई करें।
पटना में भाजपा का हल्ला बोल
पटना में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि बस उनका (भाजपा) यही काम बचा है। सरकार में रहते हुए वे इस तरह के प्रदर्शन कर रहे हैं... हमारी लड़ाई मतदाताओं के लिए है... हम किसी भी तरह से यह स्वीकार नहीं करेंगे कि गुजरात के मतदाताओं को लाकर यहां रजिस्टर किया जा रहा है और बिहार के मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं... चुनाव आयोग और सरकार पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप सामने आया है जिसमें कुछ अज्ञात लोगों को यात्रा के दौरान मंच से मोदी के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल करते हुए सुना जा सकता है। सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो कथित तौर पर दरभंगा जिले का है, जहां से बुधवार सुबह यात्रा शुरू हुई थी, जब राहुल गांधी, उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और राजद नेता तेजस्वी यादव मोटरसाइकिल पर मुजफ्फरपुर के लिए रवाना हुए थे। 'टाइम्स नाउ नवभारत' इस वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता।
