देश

LCH Prachand: दुश्मन सावधान! सेना के एलसीएच प्रचंड से 70 मिमी रॉकेट की पहली फायरिंग रही सफल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 30, 2023, 11:24 PM IST

LCH Prachand: भारतीय सेना के हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) 'प्रचंड' ने सोमवार को दिन और रात दोनों स्थितियों में 70 मिमी रॉकेट दागने के कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यह कार्य असम में लिकाबाली के पास एक फायरिंग रेंज में किया गया।

Image

एलसीएच प्रचंड से 70 मिमी रॉकेट की पहली फायरिंग

Photo : ANI

LCH Prachand: रक्षा क्षेत्र में भारत ने एक और मिल का पत्थर पार कर लिया है। सेना ने अपने एलसीएच प्रचंड से 70 मिमी रॉकेट की पहली फायरिंग को सफलतापूर्वक अंजाम दे दिया है। इसकी लॉन्चिंग दिन और रात दोनों समय सटीक रही है।

टेस्ट रहा सफल

भारतीय सेना के हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर (एलसीएच) 'प्रचंड' ने सोमवार को दिन और रात दोनों स्थितियों में 70 मिमी रॉकेट दागने के कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यह कार्य असम में लिकाबाली के पास एक फायरिंग रेंज में किया गया। सेना ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा- ''हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर-एलसीएच प्रचंड की 70 मिमी रॉकेट और 20 मिमी बुर्ज गन की पहली फायरिंग को दिन और रात दोनों स्थितियों में सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। सैन्य उड्डयन महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल एके सूरी ने एलसीएच स्क्वाड्रन की आयुध क्षमता के वास्तविक समय सत्यापन के लिए तीन लड़ाकू हेलीकॉप्टरों के प्रमुख हेलीकॉप्टर से गोलाबारी देखी।"

दुश्मन के लिए काल

हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) द्वारा विकसित 5.8 टन का दो इंजन वाला एलसीएच विभिन्न हथियार प्रणालियों से लैस है और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दुश्मन के टैंक, बंकर, ड्रोन और अन्य आयुधों को नष्ट करने में सक्षम है। हेलीकॉप्टर में दुश्मन की नजर में न आने की आधुनिक विशेषताएं, मजबूत कवच सुरक्षा और दुर्जेय रात्रि हमले की क्षमता है, तथा यह दुनिया के सबसे ऊंचे युद्धक्षेत्र सियाचिन में भी काम करने में पूरी तरह सक्षम है।

पिछले साल हुआ है सेना में शामिल

हेलीकॉप्टर को जंगलों और शहरी परिवेश में उग्रवाद रोधी अभियानों के साथ-साथ जमीनी बलों के समर्थन के लिए भी तैनात किया जा सकता है। इसका उपयोग धीमी गति से चलने वाले विमानों और शत्रु के दूर से संचालित विमानों के खिलाफ भी किया जा सकता है। एलसीएच प्रचंड को पिछले साल की दूसरी छमाही में थलसेना और वायुसेना में शामिल किया गया था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article