देश

हरियाणा के पूर्व CM ओम प्रकाश चौटाला का शव अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, आज होगा अंतिम संस्कार

OM Prakash Chautala Last Rites: हरियाणा पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला का अंतिम संस्कार शनिवार यानी 21 दिसंबर को उनके गांव तेजा खेड़ा फार्म में राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

Image

हरियाणा के पूर्व सीएम ओमप्रकाश चौटाला का अंतिम संस्कार (फाइल फोटो)

OM Prakash Chautala Death: हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल चीफ ओमप्रकाश चौटाला की शुक्रवार को 89 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई। उनका पार्थिव शरीर शनिवार को राज्य के सिरसा जिले के चौटाला गांव में लाया गया। यहां पहुंच कर उनके फार्म हाउस पर उनके पार्थिव शरीर को आम लोगों के लिए अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। लोग सुबह 8 बजे से 2 बजे तक अंतिम दर्शन कर सकेंगे।

ओमप्रकाश चौटाला के अंतिम संस्कार में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समेत तमाम बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना है। प्रदेश सरकार ने इस अवसर पर तीन दिनों तक राजकीय शोक की घोषणा की है। इसके अलावा, 21 दिसंबर को पूरे राज्य में एक दिन का सार्वजनिक अवकाश रहेगा। साथ ही 20-22 दिसंबर तक प्रदेश में कोई सरकारी मनोरंजन कार्यक्रम नहीं होगा।

पीएम मोदी ने शुक्रवार को उनके देहांत की खबर पर दुख जाहिर किया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। प्रदेश की राजनीति में वे वर्षों तक सक्रिय रहे और चौधरी देवीलाल जी के कार्यों को आगे बढ़ाने का निरंतर प्रयास किया। शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।'

वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक्स पर लिखा, 'इनेलो सुप्रीमो एवं हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का निधन अत्यंत दुःखद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। उन्होंने प्रदेश और समाज की जीवनपर्यंत सेवा की।देश व हरियाणा प्रदेश की राजनीति के लिए यह अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोकाकुल परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।'

जन्म 1 जनवरी 1935 को हरियाणा के चौटाला गांव में हुआ था

ओमप्रकाश चौटाला का जन्म 1 जनवरी 1935 को हरियाणा के चौटाला गांव में हुआ था। ओमप्रकाश चौटाला पांच बार हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे थे। वह 2 दिसंबर 1989 को पहली बार सीएम बने थे और इस पद पर 22 मई 1990 तक रहे थे। जब तत्कालीन मुख्यमंत्री बनारसी दास गुप्ता को 60 दिन में ही पद से हटा दिया गया था, तब उन्होंने 12 जुलाई 1990 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद को शपथ ली थी। हालांकि, चौटाला को भी पांच दिन बाद ही पद से त्यागपत्र देना पड़ा था।

22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार चौटाला ने सीएम पद संभाला

22 अप्रैल 1991 को तीसरी बार चौटाला ने सीएम पद संभाला। लेकिन दो हफ्ते बाद ही केंद्र सरकार ने प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगा दिया था। वह पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल के बड़े बेटे थे। आईएनएलडी प्रवक्ता के अनुसार, शुक्रवार सुबह उन्हें अचानक हिचकियां आनी शुरू हुईं और घर में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article