Tejashwi Yadav-Kharge Meeting: बिहार चुनाव से पहले राजनीतिक दलों अपने चुनावी अभियान को धार देने में जुट गए हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव सीट बंटवारे और चुनावी रणनीति पर कांग्रेस से चर्चा के लिए मंगलवार तड़के दिल्ली पहुंचे। तेजस्वी की मुलाकात कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ होगी। बताया जाता है कि राजद नेता की मुलाकात लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के साथ भी हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि बिहार विधानसभा चुनाव में सीटों के फार्मूले के साथ-साथ महागठबंधन में मुख्यमंत्री के पद को लेकर सीधी बातचीत होगी। बिहार में इसी साल अक्टूबर-नवंबर में विस चुनाव होंगे।
सीएम पद के लिए तेजस्वी के चेहरे पर भी होगी बात
बैठक बहुत महत्वपूर्ण है इस बैठक में सीट फार्मूले पर बातचीत फाइनल करने की कोशिश की जाएगी मुख्यमंत्री पद पर तेजस्वी यादव के नाम को लेकर भी सहमति बनाई जाएगी। कांग्रेस नेताओं के द्वारा तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर नकारात्मक जवाब दिए जाने पर राष्ट्रीय जनता दल में नाराजगी है।
कन्हैया कुमार की राजनीति से खफा हैं तेजस्वी!
तेजस्वी यादव कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार, प्रदेश प्रभारी कृष्णा अल्लावरु और पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की बिहार चुनाव में भूमिका को लेकर भी आज मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी से चर्चा कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव हाल के दिनों में कन्हैया कुमार की राजनीति से नाराज नजर आ रहे हैं। इसी का नतीजा था कि राहुल गांधी के पिछले बिहार दौरे से वह दूरी बना लिए थे।
20 अप्रैल को बिहार जा सकते हैं खरगे
रिपोर्टों के मुताबिक खरगे 20 अप्रैल को बिहार दौरे पर जा सकते हैं। यहां बक्सर में उनकी एक जनसभा प्रस्तावित है। इस बार कन्हैया कुमार पार्टी के लिए जमीन तैयार कर रहे हैं। उनकी नौकरी दो पदयात्रा काफी सुर्खियां बटोर रही है। कहा तो यह भी जा रहा है कि कन्हैया की इस यात्रा से तेजस्वी खुश नहीं हैं। बीते सात अप्रैल को बेगुसराय में निकली पदयात्रा में राहुल भी शामिल हुए थे।
