तमिलनाडु में नवगठित TVK-कांग्रेस गठबंधन सरकार के भीतर आगामी 2029 लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर भारी खींचतान शुरू हो गई है। राज्य के पर्यटन मंत्री और कांग्रेस नेता एस राजेश कुमार ने खुली चेतावनी दी है कि यदि तमिलनाडु वेत्री कषगम (TVK) 2029 के आम चुनाव के लिए राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार स्वीकार नहीं करती है, तो कांग्रेस के दोनों मंत्री राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे देंगे। कन्याकुमारी वेस्ट जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद का पदभार संभालने वाले जॉर्ज रॉबिन्सन के पदग्रहण समारोह में बोलते हुए राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि 2029 में भारत के अगले प्रधानमंत्री केवल राहुल गांधी ही होंगे।
PM प्रोजेक्ट करने पर भड़की कांग्रेस (फाइल फोटो)
क्या है विवाद की मुख्य वजह
कांग्रेस नेता का यह तल्ख बयान TVK नेताओं की उन हालिया कोशिशों के बाद आया है, जिसमें तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को 2029 के लोकसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रधानमंत्री पद के दावेदार के रूप में पेश किया जा रहा था। सबसे पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आधव अर्जुन ने यह कहकर बहस छेड़ी थी कि देश के सर्वोच्च पद पर तमिल नाडु से किसी नेता को बैठना चाहिए। एक निजी मीडिया संस्थान के सर्वे में जोसेफ विजय को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बाद देश में तीसरे सबसे पसंदीदा पीएम उम्मीदवार के रूप में आंका गया। इसके बाद TVK के कई मंत्रियों ने विजय को पीएम पद के लिए प्रोजेक्ट करना शुरू कर दिया, जिससे कांग्रेस खेमे में भारी नाराजगी फैल गई।
2026 विधानसभा चुनाव के बाद का राजनीतिक समीकरण
अभिनेता से नेता बने सी. जोसेफ विजय की अगुवाई वाली तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) ने 2026 के तमिल नाडु विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी और सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। 118 के बहुमत के आंकड़े से थोड़ा दूर रहने पर TVK को सरकार बनाने के लिए कांग्रेस के 5 विधायकों के समर्थन की जरूरत पड़ी। इसके बाद कांग्रेस ने DMK के साथ अपना दशकों पुराना गठबंधन तोड़कर TVK को समर्थन दिया और राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हुई।
