देश

तमिलनाडु में किसानों और शिक्षकों के खिलाफ दर्ज सभी मामले होंगे वापस, CM विजय का बड़ा ऐलान

Tamil Nadu Govt Decisions: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने डीएमके सरकार के कार्यकाल के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का ऐलान किया।

Image

मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय (फाइल फोटो)

Tamil Nadu Govt Decisions: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने बुधवार को किसानों और शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री विजय ने डीएमके सरकार के कार्यकाल के दौरान शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों और किसानों के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने का ऐलान किया।

मुख्यमंत्री विजय ने विधानसभा को बताया कि परंदूर एयरपोर्ट परियोजना और SIPCOT औद्योगिक पार्क के विस्तार के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले किसानों के खिलाफ दर्ज लंबित पुलिस मामले वापस लिए जाएंगे। साथ ही अपने अधिकारों और मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों पर दर्ज मामलों को भी वापस लेने का फैसला किया गया है।

मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि इन मामलों को मानवीय आधार और लोकतांत्रिक सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए वापस लेने का निर्णय किया गया है। उन्होंने कहा कि इस कदम से लोकतांत्रिक अधिकार और मजबूत होंगे तथा आम लोगों और सरकार के बीच भरोसा बढ़ेगा।

पिछली सरकार के कार्यकाल में मई 2021 से अप्रैल 2026 के बीच किसानों और शिक्षकों के खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए थे, जिन्होंने अपनी रोजी-रोटी और अधिकारों के लिए आंदोलन किया था।

गुंडा एक्ट के तहते हुई थी कार्रवाई

विजय ने कहा कि तिरुवन्नामलाई जिले में एसआईपीसीओटी (SIPCOT) परियोजना के विरोध में प्रदर्शन करने वाले किसानों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। कुछ किसानों पर गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसी तरह, परंदूर एयरपोर्ट परियोजना के विरोध में किसान लगातार प्रदर्शन कर रहे थे। हाल ही में टीवीके सरकार ने परंदूर एयरपोर्ट परियोजना को रद्द कर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट परियोजना के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले किसानों पर पिछली सरकार द्वारा दर्ज किए गए मामले अब भी लंबित हैं। किसानों को आशंका थी कि परियोजना से उनकी कृषि भूमि, जलस्रोत और आजीविका प्रभावित होगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article