Pakistan Must Vacate PoK: विदेश मंत्रालय ने एक बार फिर पाकिस्तान को चेताते हुए कहा कि वार्ता और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद पर भारत की जीरो टॉलरेंस नीति है और ट्रेड और टॉक एक साथ नहीं हो सकता। साथ ही विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान जल्द POK खाली करे। बता दें कि आज पीएम मोदी ने भी पाकिस्तान को चेताते हुए कहा था कि अब उसके साथ बातचीत सिर्फ पीओके के मुद्दे पर ही होगी।
विदेश मंत्रालय की पाकिस्तान को दो-टूक
कुख्यात आतंकवादियों को भारत को सौंपने पर चर्चा करने के लिए तैयार
विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, अपनी पिछली ब्रीफिंग में मैंने इस मुद्दे पर बात की थी। मुझे और कुछ नहीं कहना है। आप हमारी स्थिति से भली-भांति परिचित हैं कि भारत-पाकिस्तान के बीच कोई भी बातचीत द्विपक्षीय होनी चाहिए। साथ ही, मैं आपको याद दिलाना चाहूंगा कि बातचीत और आतंकवाद एक साथ नहीं चल सकते। आतंकवाद के मामले में हम उन कुख्यात आतंकवादियों को भारत को सौंपने पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं, जिनकी सूची कुछ साल पहले पाकिस्तान को दी गई थी।
अवैध रूप से कब्जा किए गए भारतीय क्षेत्र पर ही होगी बात
जायसवाल ने कहा, मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि जम्मू-कश्मीर पर कोई भी द्विपक्षीय चर्चा केवल पाकिस्तान द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए गए भारतीय क्षेत्र को खाली करने पर होगी। सिंधु जल संधि पर कहा कि यह तब तक स्थगित रहेगी जब तक पाकिस्तान सीमा पार आतंकवाद के लिए अपने समर्थन को विश्वसनीय और अपरिवर्तनीय रूप से त्याग नहीं देता। जैसा कि हमारे प्रधानमंत्री ने कहा है, "पानी और खून एक साथ नहीं बह सकते"।
वहीं, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने अपने अफगान समकक्ष आमिर खान मुत्ताकी के साथ फोन पर बातचीत का भी ब्योरा दिया। जायसवाल ने कहा, जहां तक विदेश मंत्री की अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री के साथ बातचीत का सवाल है, हमने 'एक्स' पर एक विज्ञप्ति जारी की थी। विदेश मंत्री ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने के लिए कार्यवाहक विदेश मंत्री को धन्यवाद दिया। साथ ही उन्होंने कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई।
तुर्की को भी दी नसीहत
तुर्की के मामले पर रणधीर जायसवाल ने कहा, हमें उम्मीद है कि तुर्की पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को अपना समर्थन बंद करने और दशकों से अपने यहां मौजूद आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र के खिलाफ विश्वसनीय और सत्यापन योग्य कार्रवाई करने का आग्रह करेगा। रिश्ते एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता के आधार पर बनते हैं। साथ ही कहा कि सेलेबी मामले पर यहां तुर्की दूतावास के साथ चर्चा की गई है। लेकिन मैं समझता हूं कि यह विशेष निर्णय नागरिक उड्डयन सुरक्षा द्वारा लिया गया था।
