देश

Kunal Kamra News: कुणाल कामरा का पोस्टर शेयर कर स्वरा भास्कर ने लिखा 'Truth'

Swara Bhaskar on Kunal Kamra: कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 353(1) (बी), 353(2) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिवसेना के विधायक मुरजी पटेल ने एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है।

Image

कुणाल कामरा के खिलाफ मुंबई के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है

Swara Bhaskar on Kunal Kamra: स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का नाम लिए बगैर आपत्तिजनक टिप्पणी कर विवादों में घिर गए हैं। विवादों के बीच कामरा का अभिनेत्री स्वरा भास्कर समर्थन करती नजर आईं। इंस्टाग्राम के स्टोरीज सेक्शन पर उन्होंने मामले से जुड़े कई पोस्ट शेयर किए। कामरा की एक तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा, 'ट्रुथ।' वहीं, दूसरी पोस्ट में स्वरा, एकनाथ शिंदे पर तंज कसती नजर आईं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल 'हैबिटेट क्लब' का जिक्र करते हुए लिखा, 'एकनाथ शिंदे यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हैबिटेट मुंबई के बाकी हिस्सों की तरह दिखे!'

इससे पहले एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के नेता राहुल कनाल के खिलाफ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। मुंबई के खार स्थित ऑफिस में विरोध प्रदर्शन किया गया था। इस दौरान तोड़फोड़ भी की गई थी, जिसके बाद खार पुलिस स्टेशन ने करीब 20 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

कॉमेडियन कुणाल कामरा ने रविवार को अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर महाराष्ट्र की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए एक वीडियो अपलोड किया था। वीडियो में उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को बिना नाम लिए 'गद्दार' बताया। इस वीडियो की एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के सदस्यों ने तीखी आलोचना की। नेता राहुल कनाल ने मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में कामरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कामरा ने हाल ही में खार पश्चिम में आयोजित एक लाइव शो के दौरान उपमुख्यमंत्री का बिना नाम लिए अपमानजनक टिप्पणी की।

पार्टी समर्थकों तक प्रदर्शन की खबर पहुंचने के बाद, कुछ शिवसेना कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर गए, क्लब प्रबंधन से पूछताछ की और तोड़फोड़ की। पुलिस ने बताया कि शिवसेना कार्यकर्ताओं ने मुंबई के खार इलाके स्थित क्लब में तोड़फोड़ की, जहां कामरा के विवादित शो को फिल्माया गया था।

कुणाल कामरा ने 'दिल तो पागल है' के एक हिंदी गाने की तर्ज पर पूर्व सीएम एकनाथ शिंदे का मजाक उड़ाया। कॉमेडियन ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो क्लिप शेयर की। कुणाल कामरा ने एकनाथ शिंदे की 2022 की बगावत का जिक्र किया, जिसके कारण शिवसेना शिंदे गुट और उद्धव ठाकरे गुट में विभाजित हो गई थी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article