मुंबई

Kunal Kamra: कुणाल कामरा के स्टूडियो पर चलेगा हथौड़ा! BMC की टीम पहुंची; उद्धव ने कहा असली शिवसैनिक गद्दार नहीं

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करने पर स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। इस बीच बीएमसी के अधिकारियों की टीम कुणाल के मुंबई के हैबिटेट स्टूडियो पहुंच गई है।

Image

कुणाल कामरा

मुंबई : महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा का बयान तूल पकड़ता जा रहा है। मुंबई पुलिस ने सोमवार को शिवसेना नेता राहुल कनाल और 11 अन्य को मुंबई के एक होटल में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया, जहां स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ विवादास्पद ‘गद्दार’ वाली टिप्पणी की थी। इस बीच मीडिया खबरों के मुताबिक पता चला है कि बीएमसी के अधिकारियों की टीम कुणाल के मुंबई के हैबिटेट स्टूडियो पहुंच गई है। इसी स्टूडियो में कामरा ने वह विवादित शो किया था, जिसमें शिंदे पर टिप्पणी की गई थी।

कामरा के शो के बाद होटल में तोड़फोड़ के मामले में शिवसेना नेता और 11 अन्य को गिरफ्तार किया गया। खार इलाके में यूनिकॉन्टिनेंटल होटल में हैबिटेट कॉमेडी क्लब में अपनी प्रस्तुति के दौरान कामरा ने शिंदे के लिए ‘गद्दार’ शब्द का इस्तेमाल किया था और उन पर एक ‘पैरोडी’ भी गाई थी।

कामरा ने उद्धव ठाकरे के खिलाफ 2022 में शिंदे के विद्रोह को बयां करने के लिए फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक हिंदी गीत के संशोधित संस्करण का इस्तेमाल किया। कनाल ने होटल में तोड़फोड़ के एक दिन बाद सोमवार सुबह संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह किसी कानून को अपने हाथ में लेने के बारे में नहीं है। यह पूरी तरह से आपके आत्मसम्मान के बारे में है। जब बात बड़ों या देश के सम्मानित नागरिकों की आती है, जब आपके बुजुर्गों को निशाना बनाया जाता है, तो आप उस मानसिकता के किसी व्यक्ति को निशाना बनाएंगे।

कनाल ने कामरा को चेतावनी देते हुए कहा कि अभी तो ये ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। जब भी तुम मुंबई आओगे, तुम्हें शिवसेना स्टाइल में अच्छा सबक मिलेगा। कनाल ने कहा कि उन्होंने (हैबिटेट होटल के) मालिक को बताया था कि इस जगह के खिलाफ (विवादास्पद शो की मेजबानी के लिए) छह प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कनाल और 11 अन्य को सोमवार को होटल में तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।

उद्धव ठाकरे ने कही ये बात

कुणाल कामरा विवाद और शिवसेना (शिंदे गुट) कार्यकर्ताओं द्वारा की गई तोड़फोड़ पर शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा, "मुझे नहीं लगता कि कुणाल कामरा ने कुछ गलत कहा है। 'गद्दार' को 'गद्दार' कहना किसी पर हमला नहीं है... (कुणाल कामरा के शो का) पूरा गाना सुनें और दूसरों को भी सुनाएं। इस हमले से शिवसेना का कोई लेना-देना नहीं है, यह 'गद्दार सेना' द्वारा किया गया है, जिनके खून में 'गद्दारी' है वे कभी शिवसैनिक नहीं हो सकते।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article