देश

सुवेंदु मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं स्वपन दासगुप्ता सहित ये नेता; भाजपा की जीत में कैसे निभाई थी अहम भूमिका?

Suvendu Cabinet Expansion: पश्चिम बंगाल की सुवेंदु सरकार का सोमवार को मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है। सुवेंदु अधिकारी ने बताया कि राज्य मंत्रिपरिषद का विस्तार किया जाएगा और 35 नए मंत्री शपथ लेंगे।

Image

बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी

Photo : PTI

Suvendu Cabinet Expansion: पश्चिम बंगाल की सुवेंदु सरकार का सोमवार को मंत्रिमंडल विस्तार हो रहा है। ऐसे में 35 मंत्री पद एवं गोपनीयता की सदस्य लेंगे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राज्यपाल आर एन रवि सुबह 11 बजे लोक भवन में शपथ दिलाएंगे।

सुवेंदु अधिकारी ने 9 मई को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके साथ ही राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार का गठन हुआ। भाजपा ने 294 सदस्यीय विधानसभा में स्पष्ट बहुमत हासिल कर तृणमूल कांग्रेस के 15 सालों के शासन का अंत किया और अब सोमवार को सुवेंदु अधिकारी पूर्ण मंत्रिपरिषद का गठन करने जा रहे हैं।

मंत्रियों की रेस में कौन-कौन शामिल

  • स्वपन दासगुप्ता (Swapan Dasgupta)
  • जगन्नाथ चट्टोपाध्याय (Jagannath Chattopadhyay)
  • शंकर घोष (Shankar Ghosh)
  • सारदवत मुखोपाध्याय (Saradwat Mukhopadhyay)
  • अर्जुन सिंह (Arjun Singh)
  • दूधकुमार मंडल (Dudhkumar Mondal)
  • तापस रॉय (Tapas Roy)

स्वपन दासगुप्ता (Swapan Dasgupta)

स्वपन दासगुप्ता पेशे से पत्रकार और उद्योगपति रहे हैं। वह 2003 तक संपादक रहे और लगभग हर बड़े मीडिया हाउस में अहम भूमिका निभाई। 2015 में साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया।

बंगाली वैद परिवार में जन्में स्वप्न दास गुप्ता को अप्रैल 2016 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया था। वह 2022 तक राज्यसभा सदस्य रहे। हालांकि, इस दौरान उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण नहीं की थी। भाजपा ने 2026 के विधानसभा चुनाव में रासबिहारी विधानसभा सीट से उतारा, जहां 20,865 वोटों से जीत दर्ज की। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के देबाशीष सरकार उर्फ देबा को हराया।

जगन्नाथ चट्टोपाध्याय (Jagannath Chattopadhyay)

जगन्नाथ चट्टोपाध्याय भी लंबे समय तक पत्रकारिता से जुड़े रहे और खोजी पत्रकार के तौर पर अपनी पहचान बनाई। उन्होंने सारदा घोटाले, कोयला तस्करी, मवेशी तस्करी और धनशोधन जैसे मामलों को उजागर किया। इसके बाद, 2021 में सक्रिय राजनीति में दाखिल हुए और 2026 के विधानसभा चुनाव में बीरभूम जिले की सिउरी सीट से जीत हासिल की।

शंकर घोष (Shankar Ghosh)

कभी वामपंथी राजनीति का चेहरा रहे शंकर घोष को सुवेंदु अधिकारी का करीबी माना जाता है। तभी तो भाजपा ने ऐतिहासिक जीत के बाद शंकर घोष को मुख्य सचेतक नियुक्त किया। उन्होंने विधानसभा चुनाव में सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव को 73,192 वोटों से हराया था।

शंकर घोष का जन्म 12 जून 1974 को बांकुरा जिले के विष्णुपुर में हुआ। उन्होंने उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय से माइक्रोबायोलॉजी में पीएचडी की है और 1991 में एसएफआई और बाद में डीवाईएफआई के माध्यम से राजनीतिक एंट्री की। 2015 में वे सिलीगुड़ी नगर निगम के पार्षद बने और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा खेल विभागों की जिम्मेदारी संभाली। 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया और सिलीगुड़ी सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे।

अर्जुन सिंह (Arjun Singh)

अर्जुन सिंह ने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की और बाद में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। हालांकि, 2019 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया और बैरकपुर लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार दिनेश त्रिवेदी को हराकर सांसद बने। इसके बाद, 2022 में फिर टीएमसी में वापसी की, लेकिन 2024 में वापस भाजपा में शामिल हो गए। इस चुनाव में उन्होंने नोआपाड़ा सीट से जीत हासिल की।

तापस रॉय (Tapas Roy)

तापस रॉय का राजनीतिक करियर कांग्रेस से शुरू हुआ। 1996 में उन्होंने पहली बार विधानसभा चुनाव जीता। बाद में वे तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए और कई बार विधायक बने। जनवरी 2024 में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनके आवास पर नगर निगम भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में छापेमारी की थी। मार्च 2024 में उन्होंने टीएमसी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर मणिकतला सीट से चुनाव लड़ते हुए उन्होंने जीत हासिल की। वर्तमान में उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article