Surat Stone Pelting at Ganesh Pandal: गुजरात के सूरत में गणेश उत्सव के दौरान बड़ी घटना सामने आई है। यहां लालगेट इलाके के सैयदपुरा में गणेश पंडाल पर देर रात पथराव किया गया, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अधिकारियों ने बताया, कुछ लोगों ने बच्चों को बहकाकर गणेश पंडाल पर पत्थरबाजी करवाई, जिसके बाद हिंदू पक्ष भी सड़क पर उतर आया और मामला बिगड़ गया।
सूरत में पत्थरबाजी के बाद पुलिस कमिश्नर भी मौके पर पहुंचे।
उधर, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सूरत पुलिस कमिश्ननर अनुपम सिंह गहलोत ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज किया गया और टियर गैस का इस्तेमाल किया गया। वहीं, गुजरात के गृह मंत्री हर्ष संघवी ने बताया कि सूरत के सैयदपुरा इलाके में आज 6 लोगों ने गणेश पंडाल पर पथराव किया था। इन सभी 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस ने ऐसी घटना को बढ़ावा देने में शामिल अन्य 27 लोगों को भी गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
करीब 1000 पुलिसकर्मी तैनात
सूरत पुलिस कमिश्नर ने बताया कि पंडाल पर पहले बच्चों ने पत्थर फेंके थे। मामला सामने आते ही वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने बच्चों को वहां से हटा दिया। हालांकि, इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। उन्होंने बताया कि आसपास के पुलिस थानों से फोर्स मंगाकर पूरे इलाके में गश्त की जा रही है। करीब 1000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। सीसीटीवी के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है।
सीएम भूपेंद्र पटेल ने मांगी रिपोर्ट
जानकारी के मुताबिक, इस घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। उन्होंने सूरत पुलिस कमिश्नर से बात की है और पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। वहीं, गृहमंत्री हर्ष संघवी ने भी मामले में जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पथराव के पीछे की मंशा साफ होनी चाहिए। घटना में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सैयादपुरा इलाके में एसआरपी की टीम तक तैनात की गई है।
