Surajpur Road Accident: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा प्रतापपुर थाना क्षेत्र के सेमरसोत रोड पर हुआ। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं हादसे में घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।
सूरजपुर जिले में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत। istock
ट्रक ड्राइवर की लापरवाही ने ले ली जान
जानकारी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे की वजह ट्रक ड्राइवर की कथित लापरवाही बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दुर्घटना से कुछ समय पहले ट्रक की एक कार से टक्कर हुई थी। इसके बाद चालक घबराकर ट्रक को सड़क के बीचों-बीच छोड़कर मौके से फरार हो गया। आशंका है कि अंधेरा और तेज रफ्तार होने की वजह से बाइक सवार युवकों को सड़क पर खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह भीषण हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि बाइक पर चार लोग सवार थे, जिनमें से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलने पर प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल मृतकों की पहचान और हादसे के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई जारी है।
वहीं, बिहार के बेतिया–मोतिहारी मुख्य मार्ग (NH-727) पर शुक्रवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
