खाने के पैकेट पर अब साफ-साफ दिखेगा किसमें कितना ज्यादा फैट, शुगर और नमक, सुप्रीम कोर्ट ने बदले लेबलिंग के नियम

सुप्रीम कोर्ट ने खाने के पैकेट पर पोषण संबंधी जानकारी को लेकर FSSAI को नए निर्देश दिए हैं। अब कुल चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक के लिए अलग-अलग चेतावनी संकेत देने होंगे।

खाने-पीने की चीजें खरीदते समय अब लोगों को यह समझने में आसानी हो सकती है कि किसी पैकेट में कितनी शुगर, फैट और नमक मौजूद है। सुप्रीम कोर्ट ने गुरुवार को खाद्य पदार्थों के पैकेट पर पोषण से जुड़ी जानकारी दिखाने के नियमों को और सख्त करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा है कि पैकेट पर सामने की तरफ दी जाने वाली जानकारी में 'टोटल शुगर' यानी कुल चीनी और 'सैचुरेटेड फैट' यानी संतृप्त वसा को प्रमुखता दी जाए। इसके साथ ही नमक को भी सेहत के लिए चिंता वाले पोषक तत्वों में शामिल किया जाए। सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने यह निर्देश दिया है। कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को लागू करने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा है।

Supereme Court Changed The Food packet labeling Rules

फूड पैकेट लेबलिंग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला (iStock)

क्या है फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग?

फ्रंट ऑफ पैकेज न्यूट्रिशन लेबलिंग (FoPNL) का मतलब है खाने-पीने की चीजों के पैकेट के सामने वाले हिस्से पर पोषण से जुड़ी जानकारी देना। इसका मकसद है कि ग्राहक सामान खरीदने से पहले आसानी से समझ सकें कि उसमें कौन से पोषक तत्व कितनी मात्रा में मौजूद हैं। अक्सर लोग दुकान पर कोई पैकेट वाला सामान खरीदते समय उसके पीछे लिखी जानकारी नहीं पढ़ते। कई बार छोटे अक्षरों में लिखी जानकारी को समझना भी मुश्किल होता है। ऐसे में पैकेट के सामने साफ और आसान संकेत देने से लोगों को बेहतर विकल्प चुनने में मदद मिल सकती है।

हर पोषक तत्व के लिए अलग होगा हेक्सागन

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से यह भी कहा है कि पैकेट पर हर उस पोषक तत्व के लिए अलग हेक्सागन यानी छह कोनों वाली आकृति होनी चाहिए, जिसकी अधिक मात्रा सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती है। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, हर हेक्सागन में संबंधित पोषक तत्व का नाम और उसका चित्रात्मक संकेत होना चाहिए। उदाहरण के लिए:

  • High Fat: अधिक फैट होने पर अलग संकेत।
  • High Sugar: अधिक चीनी होने पर अलग संकेत।
  • High Salt: अधिक नमक होने पर अलग संकेत।

कोर्ट ने साफ कहा कि इन तीनों के लिए एक ही मिला-जुला हेक्सागन नहीं होना चाहिए। हर पोषक तत्व की जानकारी अलग-अलग दिखाई जानी चाहिए, ताकि ग्राहक आसानी से समझ सकें कि किसी खाद्य पदार्थ में किस चीज की मात्रा ज्यादा है।

'ऐडेड शुगर' नहीं, कुल चीनी पर होगा ध्यान

सुप्रीम कोर्ट ने एक और अहम बात कही है। कोर्ट के मुताबिक, पोषण लेबल में केवल 'ऐडेड शुगर' यानी अलग से मिलाई गई चीनी को ही नहीं, बल्कि 'टोटल शुगर' यानी खाद्य पदार्थ में मौजूद कुल चीनी को ध्यान में रखा जाना चाहिए। इसी तरह फैट के मामले में केवल 'ऐडेड फैट' के बजाय 'सैचुरेटेड फैट' को प्रमुखता दी जानी चाहिए। कोर्ट ने कहा कि यह व्यवस्था भारतीयों के लिए पहले से मौजूद पोषण संबंधी दिशानिर्देशों के अनुरूप होनी चाहिए।

लोगों के हित में सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला

इस फैसले का मकसद लोगों को खाने-पीने की चीजों के बारे में सही जानकारी देना और उन्हें सोच-समझकर सामान खरीदने में मदद करना है। हालांकि, इन निर्देशों के बाद पैकेट पर लेबलिंग की नई व्यवस्था लागू करने के लिए FSSAI को जरूरी कदम उठाने होंगे। इससे ग्राहकों को यह पहचानने में आसानी हो सकती है कि किसी पैकेट वाले खाद्य पदार्थ में चीनी, फैट या नमक की मात्रा ज्यादा है।

End Article
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करत...

End of Feed