देश

'दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को देंगे ऐसी सजा कि दुनिया को जाएगा संदेश...'; अमित शाह की सख्त चेतावनी

Delhi Blast: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को सख्त-से-सख्त सजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली विस्फोट के दोषियों को सजा मिलने से दुनिया को संदेश जाएगा कि कोई भी दोबारा ऐसा हमला करने की हिम्मत न करे। उन्होंने विस्फोट के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की।

Image

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)

Delhi Blast: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली ब्लास्ट के दोषियों को सख्त-से-सख्त सजा देने की बात कही। उन्होंने कहा कि दिल्ली विस्फोट के दोषियों को सजा मिलने से दुनिया को संदेश जाएगा कि कोई भी दोबारा ऐसा हमला करने की हिम्मत न करे।

शाह ने क्या कुछ कहा?

शाह गुजरात के मेहसाणा जिले के बोरियावी गांव में श्री मोतीभाई आर चौधरी सागर सैनिक स्कूल और सागर ऑर्गेनिक प्लांट के उद्घाटन सत्र को वीडियो कांफ्रेंस से संबोधित कर रहे थे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में उनके हवाले से कहा गया, ‘‘इस कायरतापूर्ण कृत्य को अंजाम देने वाले और इसके पीछे जो लोग हैं, उन सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। भारत सरकार और गृह मंत्रालय इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।’’

उन्होंने विस्फोट के पीड़ितों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त की। पत्र सूचना ब्यूरो (PIB)की विज्ञप्ति के अनुसार, शाह ने कहा, ‘‘इस आतंकवादी कृत्य के लिए जिम्मेदार सभी लोगों को कड़ी सजा दिलाने का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली आतंकवादी हमले के दोषियों को दी जाने वाली सजा से दुनिया को यह संदेश जाएगा कि हमारे देश में इस तरह के हमले के बारे में सोचने की भी किसी को हिम्मत नहीं करनी चाहिए।’’

शाह ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई को पूरी दुनिया ने मान्यता दी है और प्रधानमंत्री वैश्विक स्तर पर इस लड़ाई का नेतृत्व करने में सबसे आगे हैं। राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के नजदीक सोमवार को एक कार में हुए उच्च तीव्रता के धमाके में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article