देश

सख्त सजा दी जाए, टॉप वकील इसमें साथ दें- NDA Meeting में NEET पेपर लीक पर बोले पीएम मोदी

NDA Meeting: एनडीए की 'मंगल मिलन' बैठक में पीएम मोदी ने स्पष्ट किया कि सरकार NEET मामले में पूरी तरह छात्रों के साथ खड़ी है। पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Image

एनडीए मीटिंग में पीएम मोदी (फोटो- ANI)

NDA Meeting: संसद सत्र के मॉनसून सत्र के बीच आज एनडीए के घटक दलों की एक मीटिंग दिल्ली में हुई। इस मीटिंग में पीएम मोदी ने नीट पेपर लीक से लेकर किसानों तक की समस्या पर बात की। मीटिंग के बाद इस बैठक की जानकारी देते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि पीएम ने नीट मामले पर सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। साथ ही अमेरिका-भारत डील पर कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता दी गई है, उनके हितों को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

नीट पेपर लीक पर क्या बोले पीएम मोदी?

बैठक के बाद केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने स्पष्ट कर दिया है कि NEET परीक्षा में अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार पूरी तरह से छात्रों के साथ खड़ी है। किरेन रिजिजू ने प्रधानमंत्री मोदी के वक्तव्य का हवाला देते हुए कहा कि नीट परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। यह एक राष्ट्रीय चिंता का विषय है। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि पेपर लीक में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ शीर्ष कानूनी विशेषज्ञों की सलाह लेकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। रिजिजू ने बताया कि पीएम ने जोर देकर कहा है कि केवल केंद्र सरकार ही नहीं, बल्कि जहां कहीं भी राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं होती हैं, वहां राज्य सरकारों को भी दोषियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना चाहिए।

यह बयान ऐसे समय में आया है जब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा नीट-यूजी परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन काफी तेज हो गया है और जंतर-मंतर से लेकर संसद मार्च तक स्थिति काफी संवेदनशील बनी हुई है।

किसानों का हित सर्वोपरि

एनडीए की इस 'मंगल मिलन' बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के महीनों में देश की उपलब्धियों और विभिन्न देशों के साथ हस्ताक्षरित हुए मुक्त व्यापार समझौतों पर भी अपने विचार साझा किए। प्रधानमंत्री ने सभी सांसदों को आश्वस्त किया कि किसी भी देश के साथ कोई भी व्यापारिक समझौता करते समय भारतीय किसानों और पशुपालकों के हितों को प्राथमिकता दी जाती है। सरकार यह सुनिश्चित करती है कि इन समझौतों से किसानों को कोई नुकसान न पहुंचे और देश की कृषि व्यवस्था सुरक्षित रहे।

नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों का स्वागत

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बताया कि एनडीए की यह बैठक बेहद फलदायी और सकारात्मक रही। इसमें एनडीए के सभी नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसदों, जिनमें नितिन नवीन भी शामिल हैं, का औपचारिक रूप से स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री ने बैठक में मौजूद सभी सदस्यों को देश सेवा और विधायी कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन प्रदान किया।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article