देश

सोशल मीडिया पर राष्ट्रविरोधी दुष्प्रचार करने वालों पर राज्य रखे कड़ी निगरानी, तुरंत हो कार्रवाई- अमित शाह

असम-यूपी समेत कई राज्यों से ऐसे लोगों की गिरफ्तार हुई है, जो सोशल मीडिया पर भारत के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे थे। अब अमित शाह ऐसे लोगों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा है।

Image

गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)

Photo : PTI

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उन असमाजिक तत्वों पर राज्यों को कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा है जो राष्ट्रविरोधी पोस्ट या दुष्प्रचार करते हों। पहलगाम आतंकी हमले के बाद और भारत की पाकिस्तान में एयर स्ट्राइक के बाद ऐसे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो राष्ट्रविरोधी दुष्प्रचार करते हुए पाए गए थे। अमित शाह ने ऐसे ही मामलों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्रियों को ये निर्देश दिए हैं।

पाकिस्तान और नेपाल की सीमा से लगे राज्यों के साथ मीटिंग

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पाकिस्तान और नेपाल की सीमा से लगे राज्यों से सोशल और अन्य मीडिया मंचों पर अवांछित तत्वों द्वारा शुरू किए गए राष्ट्र विरोधी दुष्प्रचार पर कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा। ऐसे राज्यों के मुख्यमंत्रियों, पुलिस महानिदेशकों और मुख्य सचिवों के साथ बैठक में शाह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए, जबकि अस्पतालों और अग्निशमन विभाग के सुचारू संचालन तथा आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की व्यवस्था की जानी चाहिए।

दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई- शाह

राज्यों से जनता के बीच अनावश्यक भय फैलने से रोकने और अफवाहों के खिलाफ लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए कदम उठाने का आग्रह करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन, सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच समन्वय को और बढ़ाया जाना चाहिए। गृह मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, गृह मंत्री ने कहा कि सोशल एवं अन्य मीडिया मंचों पर अवांछित तत्वों द्वारा राष्ट्र विरोधी दुष्प्रचार पर कड़ी नजर रखी जानी चाहिए तथा राज्य सरकारों एवं केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय करके उनके खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जानी चाहिए।

अलर्ट पर रहें राज्य

उन्होंने राज्यों से कहा कि वे किसी भी स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा, होमगार्ड और एनसीसी सहित अन्य को अलर्ट पर रखें तथा मॉक ड्रिल के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार अपनी तैयारी करें। बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से हुई जिसमें जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपालों, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्रियों ने भाग लिया। बैठक में सिक्किम सरकार के एक प्रतिनिधि, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक तपन डेका सहित गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article