Anura Kumara Dissanayake : श्रीलंका के राष्ट्रपति अनूरा कुमारा दिसानायके अपनी तीन दिनों की यात्रा भारत आ रहे हैं। दिसानायके की यात्रा 15 से 17 दिसंबर तक है। विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि अपनी इस यात्रा के दौरान दिसानायके राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि श्रीलंका में संसदीय एवं राष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव के बाद दिसानायके की यह पहली भारत यात्रा होगी। भारत में वह एक बिजनेस कार्यक्रम में भी शरीक होंगे।
भारत के दौरे पर आएंगे श्रीलंका के राष्ट्रपति।
बोध गया भी जाएंगे श्रीलंकाई राष्ट्रपति
प्रवक्ता ने कहा कि वह बिहार के बोध गया भी जाएंगे। श्रीलंका के राष्ट्रपति की यह यात्रा दोनों देशों के बहु-पक्षीय संबंधों एवं पारस्परिक सहयोग को और मजबूत बनाएगी। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि श्रीलंका, भारत का सबसे करीबी समुद्री पड़ोसी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सेक्युरिटी एंड ग्रोथ फॉर ऑल इन द रीजन' SAGAR और भारत की 'नेबरहुड फर्स्ट' पॉलिसी में प्रमुख स्थान रखता है। इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बीत अक्टूबर में कोलंबो की यात्रा की। इस यात्रा के दौरान जयशंकर और दिसानायके ने दोनों देशों के संबंधों एवं द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत बनाने पर चर्चा की।
