भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोन ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शानदार नेतृत्व की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि जब कभी श्रीलंका पर संकट आया तब भारत ने सबसे पहले हमारी मदद की।इस दौरान उन्होंने हाल ही में आए चक्रवात दितवाह के दौरान भारत की मदद के लिए भी आभार जताया। कोलोन ने कहा कि पीएम मोदी का नेतृत्व शानदार है। हम उन्हें ग्लोबल साउथ और अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक अहम आवाज के तौर पर देखते हैं।
भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिषिनी कोलोन। फोटो- X
जब हम मुश्किल में आए भारत और पीएम मोदी ने मदद की
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए श्रीलंकाई राजदूत ने कहा कि पीएम मोदी न सिर्फ श्रीलंका या एशिया में बल्कि वैश्विक रूप से एक बहुत सम्मानित नेता हैं। श्रीलंका के लोग उन्हें अपना प्यारा दोस्त मानते हैं, एक ऐसा दोस्त जो मुश्किल समय में हमेशा श्रीलंका के साथ खड़ा रहा है। पुरानी बुरी घटनाओं को याद करते हुए कोलोन ने कहा कि अप्रैल 2019 में ईस्टर संडे हमलों के दौरान जब श्रीलंका बिखर गया था और यात्रा संबंधी एडवाइजरी जारी की गई थी,तब भी प्रधानमंत्री मोदी ने छह हफ्तों के अंदर श्रीलंका का दौरा किया। उससे हमारे पर्यटन को फिर से शुरू करने और हमारी अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने में बहुत मदद मिली थी।
भारत ने की सबसे पहले मदद
इस दौरान श्रीलंकाई राजदूत कोलोन ने चक्रवात दितवाह के दौरान भारत की भूमिका के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि हाल ही में जब श्रीलंका भीषण प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा था तब भी भारत सबसे पहले मदद के लिए आगे आया। बचाव ऑपरेशन,राहत और मेडिकल मदद के दौरान, भारत ने हेलीकॉप्टर तैनात किए,राहत सप्लाई भेजी और डॉक्टरों को भेजा,जिससे हमें कई तरह से मदद मिली। जैसा कि मैंने बताया भारत हमारे पुनर्निर्माण और रिकवरी के अगले फेज में साथ खड़ा रहा है और ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।
साइक्लोन के बाद की स्थिति के बारे में और जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अब साइक्लोन गुजर चुका है। राहत और बचाव का काम अब बंद हो गया है। बेसिक सर्विस और कनेक्टिविटी फिर से शुरू हो गई है और जैसा कि आप शायद जानते हैं भारत ने श्रीलंका को काफी मदद दी है। उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सागर बंधु तब शुरू हुआ जब साइक्लोन का असर खत्म नहीं हुआ था; अब हम अगले फेज में चले गए हैं। श्रीलंका सरकार ने इमरजेंसी फंडिंग जारी कर दी है। जिन लोगों के घर तहस-नहस हो गए हैं,वे फिलहाल कैंप में हैं।
भारत श्रीलंका का भरोसेमंद साझेदार
श्रीलंका के साथ भारत की लंबे समय से चली आ रही साझेदारी के बारे में कोलोन ने कहा कि भारत निश्चित रूप से बार-बार श्रीलंका के भरोसेमंद और अच्छे साझेदार के तौर पर उभरा है। श्रीलंका के लोग भारत को एक भरोसेमंद पार्टनर के रूप में देखते हैं, ऐसा जो हमारे लिए खड़ा है और पहले भी लगातार खड़ा रहा है।
जल्द शुरू होगी एफटीए पर बात
उन्होंने ट्रेड रिलेशन पर भी बात की। कोलोन ने कहा कि भारत और श्रीलंका ने 1998 में एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर किया था। यह दोनों देशों के बीच पहला फ्री ट्रेड एग्रीमेंट था। तब से,हमारी ट्रेड पार्टनरशिप बढ़ी है। अब,श्रीलंका के लिए भारत सबसे बड़ा ट्रेडिंग पार्टनर है,लेकिन एफटीए को अपग्रेड करने की जरूरत है। हमें उम्मीद है कि इस पर जल्द ही बातचीत शुरू होगी।
