ईरान-इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण मध्य पूर्व का हवाई क्षेत्र बंद हो गया है। इसकी वजह से दुबई सहित यूएई में महाराष्ट्र के कई नागरिक फंस गए हैं। इस स्थिति में फंसे नागरिकों की मदद के लिए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने तुरंत कदम उठाए हैं। उन्होंने संकट में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों से खुद संपर्क किया और उनकी सुरक्षित वापसी के लिए विशेष विमानों की व्यवस्था की है। वहीं, शिवसेना विधायकों ने बताया कि संयुक्त अरब अमीरात में फंसे महाराष्ट्र के पर्यटकों को वापस लाने के लिए महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे द्वारा आयोजित दो उड़ानों में से पहली उड़ान मंगलवार रात मुंबई में लगभग 70 यात्रियों के साथ उतरी। शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने अपने तीन विधायकों, मुर्जी पटेल, दिलीप लांडे और मंगेश कुडालकर को, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से आने वाले यात्रियों का स्वागत करने के लिए भेजा था।
दुबई में फंसे महाराष्ट्र के नागरिकों के लिए एकनाथ शिंदे की ओर से विशेष विमान की व्यवस्था।
इससे पहले, स्टार एयर की दो विशेष उड़ानें आज (मंगलवार 3 मार्च) दोपहर फुजैरा एयरपोर्ट से रवाना हुई थीं।
- VT-GSO – शाम 3:30 बजे टेकऑफ
- VT-GSH – शाम 4:30 बजे टेकऑफ
इन दोनों विमानों से कुल 164 यात्री मुंबई एयरपोर्ट पर आने थे, जिनमें से 70 आ चुके हैं। इन यात्रियों में पुणे के इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज के 84 छात्र, साथ ही ठाणे, मुरबाड, अहिल्यानगर सहित अन्य क्षेत्रों के नागरिक शामिल हैं।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे जी ने दो दिन पहले ही इन मराठी नागरिकों से बातचीत की थी। उन्होंने भरोसा दिलाते हुए कहा था की आप सभी सुरक्षित हैं, चिंता न करें। महाराष्ट्र सरकार और मैं खुद मजबूती से आपके साथ खड़े हैं। आपको सुरक्षित रूप से देश वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इसके बाद सभी संबंधित एजेंसियों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया और अंततः 164 यात्रियों को सुरक्षित रूप से स्वदेश वापस लाने का रास्ता साफ हो सका।
अभिनेत्री विशाखा सुभेदार के बेटे को भी सुरक्षित लाया जाएगा
मराठी अभिनेत्री विशाखा सुभेदार के बेटे अभिनय सुभेदार लंदन जाते समय युद्ध जैसी स्थिति के कारण कुवैत एयरपोर्ट पर फंस गए हैं। इस संबंध में विशाखा सुभेदार ने वीडियो के माध्यम से सरकार से मदद की अपील की थी। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष कार्यकारी अधिकारी राहुल गेठे ने अभिनय सुभेदार से संपर्क किया
इसके बाद एकनाथ शिंदे ने स्वयं विशाखा सुभेदार से फोन पर बातचीत कर जानकारी दी कि अधिकारी लगातार अभिनय के संपर्क में हैं और फिलहाल उसके ठहरने की व्यवस्था एक होटल में कर दी गई है। जैसे ही विमान सेवाएं सामान्य होंगी, अभिनय सुभेदार को सुरक्षित रूप से मुंबई वापस लाया जाएगा, ऐसा आश्वासन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दिया है।
