SP-Congress seat sharing: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस जितनी सीटों की मांग कर रही है, सपा उतनी सीटें उसे देने के पक्ष में नहीं है। सूत्रों का कहना है कि सपा लोकसभा 2024 में मिली जीत और हार के आधार पर कांग्रेस को सीटें देने की पेशकश कर रही है। कांग्रेस को सपा 53 से 55 सीटों का ऑफर दे रही है जबकि खुद 350 सीटों पर उम्मीदवार उतारने की तैयारी में है।
यूपी में अगले साल होंगे विधानसभा चुनाव। तस्वीर-AI
कांग्रेस को 53-55 सीटें देने के पक्ष में सपा
2024 में लोकसभा में कांग्रेस की 6 सीट पर जीत हुई। इन निर्वाचन क्षेत्रों विधानसभा की 30 सीटें आती है। कांग्रेस को 11 सीटों पर हार मिली थी। कांग्रेस की लड़ी सीटों पर विधानसभावार मिली जीत के आधार पर सपा कांग्रेस को 53 से 55 सीटों का ऑफर कर रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा को 37 सीटों पर जीत मिली। अपनी जीत, हार और बढ़त के आधार पर सपा 350 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस चाहती है 150 से अधिक सीटें
कांग्रेस को आगामी उप्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में गठबंधन के तहत 150 से अधिक सीटें दिये जाने संबंधी उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल सिंह गौतम के बयान पर सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह कांग्रेस के 'छोटे नेताओं’ के बयानों को गंभीरता से नहीं लेते। आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद धर्मेंद्र यादव ने बलिया के बांसडीह में सपा के दिवंगत वरिष्ठ नेता राम गोविंद चौधरी के श्रद्धांजलि समारोह के बाद संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
राहुल-अखिलेश में 'ट्यूनिंग' अलग तरह की-धर्मेंद्र यादव
इस दौरान यादव ने कहा, 'जिस दिन राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे कह देंगे, उस दिन हम पाल की बात को मानेंगे।’उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की 'ट्यूनिंग' अलग तरह की है और कांग्रेस नेतृत्व को अपने नेताओं के बयानों पर नियंत्रण रखना चाहिए।
पूर्व सांसद बृज भूषण सिंह की ओर से कांग्रेस की 150 सीटों की मांग को लेकर सपा के पक्ष में की गयी टिप्पणी पर धर्मेंद्र ने कहा, 'बिल्कुल सही कहा बृज भूषण सिंह ने। अखिलेश यादव के बिना कांग्रेस उत्तर प्रदेश में कुछ नहीं कर सकती।’
'पार्टी को सफाई देने की जरूरत नहीं'
उन्होंने बताया कि बृज भूषण सिंह के पिछले कुछ दिनों से जो बयान आ रहे हैं, उसमें स्पष्टता बहुत है। धनराज नथवानी को राज्यसभा चुनाव में सपा का उम्मीदवार बनाए जाने के सवाल पर यादव ने कहा कि पार्टी को सफाई देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों) के अधिकारों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। राज्यसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि सपा चुनाव जीत जाएगी और यह कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी जनता के आशीर्वाद से प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
