Sonam Wangchuk Health Update: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर अड़े सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में शिफ्ट कर दिया था। अब उनकी सेहत को लेकर सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल सुपरिटेंडेंट (MS) डॉ. चारु बांबा का पहला आधिकारिक बयान सामने आया है।
सोनम को अस्पताल ले जाती पुलिस
पूरी तरह होश में हैं वांगचुक, लेकिन शरीर में पानी की कमी: डॉ. चारु बांबा
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत करते हुए डॉ. चारु बांबा ने बताया कि सोनम वांगचुक को शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे अस्पताल लाया गया था। फिलहाल डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
सफदरजंग अस्पताल ने मेडिकल बुलेटिन जारी कर बताया है कि लंबे समय से उपवास के कारण सोनम वांगचुक के शरीर में थोड़ी कमजोरी आ गई है और वे 'माइल्ड डिहाइड्रेशन' से पीड़ित हैं। हालांकि, उनके अन्य सभी वाइटल पैरामीटर्स पूरी तरह स्थिर हैं। वे पूरी तरह से सचेत और अलर्ट हैं। शुरुआत में इमरजेंसी मेडिसिन विभाग ने उनका चेकअप किया और अब उन्हें मेडिसिन विभाग में एडमिट कर इलाज शुरू कर दिया गया है।" डॉ. बांबा ने आगे बताया कि डिहाइड्रेशन के कारण शरीर में इलेक्ट्रोलाइट का संतुलन बिगड़ गया है, जिसे ठीक करने के लिए उन्हें कुछ समय तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा जाएगा। वांगचुक की विशेष देखभाल के लिए अस्पताल के दो डॉक्टरों और दो पैरामेडिक्स की एक विशेष टीम तैनात की गई है।
अस्पताल जाने से किया था इनकार, दिल्ली पुलिस की हुई हाई-लेवल बैठक
सूत्रों के मुताबिक, सफदरजंग से पहले राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने जंतर-मंतर पर वांगचुक की जांच की थी और उन्हें तुरंत भर्ती होने की सलाह दी थी, लेकिन वांगचुक ने शुरू में अस्पताल जाने से साफ इनकार कर दिया था। इसके बाद हाई कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए दिल्ली पुलिस उन्हें एम्बुलेंस से सफदरजंग ले गई।
सोनम वांगचुक को शिफ्ट किए जाने के बाद दिल्ली में कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करने के लिए नई दिल्ली के डीसीपी (DCP) कार्यालय में शीर्ष पुलिस अधिकारियों की एक आपातकालीन बैठक हुई। इस बैठक में स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) देवेश चंद्र श्रीवास्तव, जॉइंट सीपी दीपक पुरोहित और नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा समेत कई आला अफसर शामिल हुए।
गौरतलब है कि वांगचुक को अस्पताल भेजे जाने के बाद भी कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध प्रदर्शन जंतर-मंतर पर जारी है, जहां संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने खुद अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। विपक्षी दलों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की तीखी आलोचना की है।
