Smriti Irani : बंगाल के संदेशखाली की घटना पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला किया है। ईरानी ने सोमवार को आरोप लगाते हुए कहा कि ममता 'हिंदुओं के नरसंहार' के लिए जानी जाती हैं। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए ईरानी ने कहा, 'संदेशखाली की महिलाएं मदद एवं सुरक्षा के लिए गुहार लगा रही हैं। ममता हिंदुओं के जनसंहार के लिए जानी जाती हैं। अब वह अपने लोगों को हिंदू विवाहित महिलाओं को उनके घर से उठाकर पार्टी कार्यालय में हर रात रेप करने की इजाजत देंगी। '
ममता बनर्जी ने स्मृति ईरानी पर साधा निशाना।
राज्यपाल ने संदेशखाली का दौरा किया
बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने सोमवार को उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में अशांत क्षेत्रों का दौरा किया और तृणमूल कांग्रेस के फरार नेता शाहजहां शेख और उसके साथियों पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली महिला प्रदर्शनकारियों से बात की। राज्यपाल ने आश्वासन दिया कि उनकी कलाई पर राखी बांधने वाली सताई हुई महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए पूरी मदद की जाएगी।
चेहरा ढंककर उप राज्यपाल से मिलीं महिलाएं
बोस ने संवाददाताओं से कहा, ‘मैंने जो देखा वो भयावह, स्तब्ध करने वाला और मेरी अंतरात्मा को हिला देने वाला था। मैंने वो कुछ देखा जो कभी नहीं देखना चाहिए था। मैंने कई चीजें सुनी जो कभी नहीं सुननी चाहिए थीं। मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की भूमि पर यह सब हुआ।’ राज्यपाल ने कहा कि वह संविधान के प्रावधानों के तहत कानून के अनुसार इससे लड़ेंगे। उन्होंने स्थानीय महिलाओं से कहा, ‘चिंता मत कीजिए। आपको न्याय जरूर मिलेगा।’इनमें से कई महिलाएं अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरा ढंककर उप राज्यपाल से मिलने आई थीं।
घटना पर राज्यपाल ने रिपोर्ट मांगी
महिलाओं को कहते सुना गया, ‘हम अपने लिए शांति और सुरक्षा चाहते हैं। हम और यह प्रताड़ना नहीं झेल सकते।’ बोस ने महिलाओं से मिलने से पहले मौजूदा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और हालात का जायजा लेकर उन्हें तत्काल कड़े कदम उठाने का निर्देश दिया। बोस ने संदेशखाली के हालात पर राज्य सरकार से व्यापक रिपोर्ट मांगी है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
