Attack on MP Rakibul Hussain : कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने असम के रूपाहीहाट इलाके में अपने साथी एमपी रकीबुल हुसैन पर हुए हमले की निंदा की है। गौरव ने हिमंता सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था समाप्त हो गई है। उन्होंने कहा कि इस हमले मामले को बहुत हल्के रूप से लिया जा रहा है और राज्य के सीएम लोगों को क्या संदेश दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मुस्कुरा रहे हैं। उन्हें लगता है कि यह मजाक है। वह असम के लोगों को क्या संदेश दे रहे हैं? उनकी इसी कार्यशैली से लोगों को लगता है कि वे खतरे में हैं और उन पर एक निरंकुश शासक राज कर रहा है। गोगोई ने कहा, 'मैं इस हमले और सीएम के इस तुच्छ व्यवहार की निंदा करता हूं।'
धुबरी से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य हैं रकीबुल
बता दें कि असम के धुबरी से कांग्रेस के लोकसभा सदस्य रकीबुल हुसैन और उनके निजी सुरक्षा अधिकारियों (पीएसओ) पर नगांव जिले के रूपोही हाट में बृहस्पतिवार को अज्ञात लोगों ने हमला किया। हुसैन पर हमले के बाद मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने घोषणा की कि जिले में रहने के दौरान विपक्षी दल के नेता की सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी। वहीं असम से कांग्रेस के सांसद और लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई ने घटना के लिए शर्मा पर निशाना साधा। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हुसैन को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन उनके दो निजी सुरक्षा अधिकारियों को मामूली चोट आई हैं। प्रदेश कांग्रेस ने हमले में शामिल लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
लोगों के एक समूह ने हमला कर दिया
पुलिस ने बताया कि हुसैन दोपहिया वाहन पर रूपोही पुलिस थानांतर्गत गुनोमारी गांव में पार्टी की एक बैठक में भाग लेने के लिए जा रहे थे, तभी उन पर क्रिकेट के बल्ले से लोगों के एक समूह ने हमला कर दिया। लोगों ने अपने चेहरे काले कपड़े से ढके हुए थे और सांसद के खिलाफ नारे लगा रहे थे।
पीएसओ ने गोली चलाकर सांसद को बचाने की कोशिश की, लेकिन उन पर भी हमला किया गया। अतिरिक्त पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और भीड़ को तितर-बितर किया, जबकि हुसैन को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने कहा- स्थिति नियंत्रण में है
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बयान देते हुए कहा कि भीड़ ने हुसैन को गांव में जाने से रोकने की कोशिश की, तभी उनके पीएसओ ने गोली चला दी।
उन्होंने कहा कि सांसद बाद में उस स्थान पर गए जहां उन्हें बैठक को संबोधित करना था और बैठक जिला पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में आयोजित की गई। शर्मा ने कहा कि सांसद के जिले में रहने के दौरान उनकी सुरक्षा बढ़ा दी जाएगी, खासकर सामगुड़ी और रूपोही हाट इलाकों में।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) हरमीत सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि स्थिति नियंत्रण में है और संबंधित एसपी घटना की जांच कर रहे हैं।
