Raebareli MP Remark: अपने संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर आए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को भी रायबरेली का सांसद बताया। उन्होंने कहा कि यह देश की एकमात्र ऐसी लोकसभा सीट है जहां से दो सांसद हैं। राहुल गांधी की इस भावुक बयान पर प्रियंका गांधी का दिल को छूने वाला रिप्लाई सामने आया।
प्रियंका ने क्या कुछ कहा?
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भाई राहुल गांधी का 'रायबरेली से दो सांसद' वाला बयान साझा करते हुए कहा, ''रायबरेली हमारा परिवार है और परिवार का हर हुक्म सिर माथे पर।''
'रायबरेली से दो सांसद'
राहुल गांधी ने ऊंचाहार क्षेत्र में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी कार्यकर्ताओं और रायबरेली के लोगों को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आपकी जो भी समस्याएं हैं, चाहे रायबरेली में हों या संसद में, मैं हमेशा उपलब्ध हूं। बस मुझे बताएं कि क्या करने की जरूरत है, और मैं उसे पूरा करूंगा। साथ ही राहुल ने लोगों से प्रियंका को भी रायबरेली में आमंत्रित करने का आग्रह किया।
राहुल गांधी ने कहा, "रायबरेली शायद भारत का एकमात्र निर्वाचन क्षेत्र है जिसके दो सांसद हैं- एक मैं हूं और दूसरी प्रियंका हैं। कभी-कभी उन्हें भी आमंत्रित करें। वह मुझे वायनाड बुलाती हैं और मैं जाता हूं। वह भी रायबरेली से सांसद हैं, इसलिए आपको उन्हें भी यहां बुलाना चाहिए।"
गौरतलब है कि साल 2019 में केरल के वायनाड से सांसद चुने गए राहुल गांधी ने पिछले साल का लोकसभा चुनाव रायबरेली और वायानाड दोनों से ही लड़ा था और दोनों पर जीत हासिल की थी। हालांकि, उन्होंने बाद में वायनाड सीट छोड़ दी थी और यहां पर हुए उपचुनाव में प्रियंका गांधी विजयी होकर संसद पहुंची थीं।
