Karnataka Leadership Change: कर्नाटक में 'सिद्दारमैया शासन' अब समाप्त हो गया और नए शासन की तैयारियां हो रही हैं। इस बीच, डिप्टी सीएम और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डीके शिवकुमार के ज्योतिषी ने उनको लेकर एक बड़ी भविष्यवाणी की है। ज्योतिषी के मुताबिक, शिवकुमार प्रशासन में शीर्ष पद पर लंबे समय तक बने रहेंगे।
ज्योतिषी की टिप्पणी ऐसे समय पर आई, जब कांग्रेस विधायक दल की बैठक में शिवकुमार को नेता के तौर पर चुना जाना लगभग तय हो चुका है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ज्योतिषी द्वारकानाथ गुरुजी पर शिवकुमार काफी भरोसा करते हैं। उन्होंने कनकपुरा विधायक शिवकुमार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर पदभार संभालने के लिए तीन तारीखें बताई हैं।
शिवकुमार कब ले सकते हैं CM पद की शपथ?
ज्योतिषी द्वारकानाथ ने पीटीआई वीडियोज को बताया कि मैंने उन्हें (शिवकुमार) तीन तारीखें दी हैं। इस दौरान उन्होंने तीनों तारीखें भी बताईं, जो 31 मई, 5 जून और 6 जून हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि 2028 के विधानसभा चुनावों के बाद शिवकुमार फिर से सत्ता में लौटेंगे।
सिद्दारमैया का इस्तीफा हुआ स्वीकार
कर्नाटक में नई सरकार के गठन को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने विस्तृत चर्चा की। इसी दिन राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने मुख्यमंत्री सिद्दारमैया का इस्तीफा औपचारिक रूप से स्वीकार किया और मंत्रिमंडल को भंग कर दिया।
कब होगी विधायक दल की बैठक?
कर्नाटक में विधायक दल की बैठक (CLP) शनिवार शाम 4 बजे बेंगलुरु के विधान सौध स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी, जिसमें नए नेता का चयन होगा। ज्योतिषी ने दावा किया कि शिवकुमार का मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यकाल लंबा होगा और उन्हें कांग्रेस आलाकमान का पूरा समर्थन मिलेगा।
ज्योतिषी ने कहा कि वे (शिवकुमार) एक दिन के या एक बार के मुख्यमंत्री नहीं हैं। वह लंबी पारी खेलेंगे। उनकी कुंडली बहुत अच्छी है। वह लंबे समय तक कर्नाटक की सेवा में रहेंगे। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि शिवकुमार के शासन में राज्य समृद्ध और खुशहाल बनेगा।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
