देश

जिस फ्लाइट में सवार थे हिमाचल के डिप्टी सीएम और DGP, वो रनवे से निकला आगे; बाल-बाल बचे यात्री

शिमला एयरपोर्ट पर एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है, विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी। इस विमान में हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री भी सवार थे।

Image

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग

हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और डीजीपी जिस फ्लाइट से दिल्ली से शिमला गए थे, उसे इमरजेंसी ब्रेक लगाकर रोका रनवे पर रोका गया। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली से शिमला जा रही एलायंस एयर की फ्लाइट संख्या 9I821 के पायलट ने सोमवार सुबह शिमला एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान के ब्रेक में तकनीकी खराबी की सूचना दी। हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और डीजीपी डॉ. अतुल वर्मा समेत सभी 44 यात्री इस विमान में सवार थे।

30 से अधिक यात्री थे सवार

हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अतुल वर्मा समेत 30 से अधिक यात्रियों को सोमवार सुबह दिल्ली से शिमला लेकर आ रहा एक विमान जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर रनवे से आगे निकल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान रनवे को पार कर हवाई पट्टी के किनारे लगे ‘स्टड’ से टकरा गया। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली।

रनवे जहां होता है खत्म वहां पहुंचा विमान- उपमुख्यमंत्री

वहीं इस घटना को लेकर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा- "... हम आज सुबह विमान से शिमला पहुंचे। विमान की लैंडिंग में कुछ समस्या थी... मुझे तकनीकी जानकारी नहीं है, लेकिन मैं एक आम आदमी के तौर पर बता सकता हूं कि जब विमान उतरने वाला था, तो वह उस जगह पर नहीं उतरा, जहां उसे उतरना चाहिए था। वह रुक नहीं सका और उस जगह पर पहुंच गया, जहां रनवे खत्म हो गया था। विमान रनवे के किनारे पर मुड़ गया और उस जगह पर पहुंच गया, जहां उसे रोका जा सकता था... विमान को रोकने के लिए मजबूत ब्रेक लगाए गए... हमें विमान में 20-25 मिनट और रुकना पड़ा..."

जांच जारी

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान ने नियमित जांच के बाद दिल्ली से उड़ान भरी थी। अधिकारियों के मुताबिक, इंजीनियर विमान का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि पता लगाया जा सके कि कोई तकनीकी गड़बड़ी तो नहीं थी। अग्निहोत्री ने कहा कि सभी यात्री लगभग 20-25 मिनट तक विमान में ही रहे और धर्मशाला की उड़ान रद्द कर दी गई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वह मामले पर चर्चा करने के लिए नागर विमानन मंत्री से बात करेंगे।

खतरनाक है ये एयरपोर्ट

शिमला से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर 1,230 मीटर लंबी हवाई पट्टी है और इसे इसकी संरचना के कारण सबसे चुनौतीपूर्ण हवाई अड्डों में से एक माना जाता है, जहां रनवे दोनों तरफ खड़ी ढलानों वाले एक ऊंचे पठार पर स्थित है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article