बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी और उनके प्रत्यर्पण को लेकर भारत ने साफ किया है कि प्रत्यर्पण की मांग और किसी व्यक्ति का ट्रैवल डॉक्यूमेंट के जरिए स्वेच्छा से अपने देश लौटना, दोनों अलग-अलग मामले हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक बांग्लादेश की ओर से शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भेजे गए अनुरोध पर भारत तय प्रक्रिया के तहत विचार कर रहा है। वहीं, अगर कोई व्यक्ति ट्रैवल डॉक्यूमेंट के जरिए स्वेच्छा से अपने देश लौटना चाहता है, तो यह प्रत्यर्पण से अलग मामला होगा।
शेख हसीना की वापसी को लेकर हलचलें तेज (फाइल फोटो)
शेख हसीना के 16 दिसंबर को बांग्लादेश के विजय दिवस के मौके पर वापस लौटने की खबरें सामने आई हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने दिल्ली से ढाका जाने के लिए बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन से यात्रा की व्यवस्था करने की मांग की है।
वहीं बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'हम बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हुई हिंसा की घटनाओं को लेकर चिंतित हैं। हम बांग्लादेश सरकार से आग्रह करते हैं कि वह इन घटनाओं की गहन जांच करे और दोषियों को न्याय के दायरे में लाए...'
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'हथकड़ी पहनकर ही लौटेंगी शेख हसीना', विजय दिवस पर वापसी के ऐलान के बाद बांग्लादेश सरकार का सख्त रुख
हालांकि, बांग्लादेश सरकार के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने इस संभावना को खारिज करते हुए कहा है कि शेख हसीना की वापसी प्रत्यर्पण के जरिए ही होगी और उन्हें हिरासत में लाया जाएगा।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हिंसा को लेकर भारत चिंतित
विदेश मंत्रालय ने बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं पर भी चिंता जताई है। भारत ने नरैल और पाबना समेत कई इलाकों में हिंसा की खबरों का जिक्र करते हुए बांग्लादेश सरकार से घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की है।भारत ने कहा कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा को लेकर वह चिंतित है और ऐसी घटनाओं के जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाया जाना चाहिए।
शेख हसीना भारत में कब आई थीं?
शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को बांग्लादेश में छात्र आंदोलन और राजनीतिक उथल-पुथल के बीच देश छोड़कर भारत आई थीं। वह 2009 से 2024 तक बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रही थीं। बांग्लादेश की इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों से जुड़े आरोपों में उनकी अनुपस्थिति में मौत की सजा सुनाई है। शेख हसीना इन आरोपों से इनकार करती रही हैं।
'अवामी लीग को देश में कभी भी राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी'
बांग्लादेश सरकार ने बुधवार को कहा कि अवामी लीग को देश में कभी भी राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण के लिए राजनयिक माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं।सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस के मुताबिक, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अवामी लीग को 'फासीवादी एवं माफिया ताकत' करार देते हुए आरोप लगाया कि जुलाई 2024 के विद्रोह के दौरान हुई सामूहिक हत्याओं के लिए यही पार्टी जिम्मेदार है। उन्होंने यहां बांग्लादेश सचिवालय में संवाददाताओं से कहा कि अवामी लीग को बांग्लादेश में कभी राजनीति नहीं करने दी जाएगी।अहमद ने आवामी लीग की तुलना जर्मनी की नाजी पार्टी से करते हुए कहा कि सामूहिक हत्याओं में शामिल होने के कारण नाजी पार्टी पर भी राजनीति करने से रोक लगा दी गई थी।
