Sharda Sinha Health: बिहार कोकिला शारदा सिन्हा की तबीयत और खराब हो गई है। शारदा सिन्हा का इलाज दिल्ली के एम्स अस्पताल में चल रहा है। जहां आज उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद शारदा सिन्हा को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया है।
शारदा सिन्हा को कौन सी बीमारी है
मशहूर लोक गायिका शारदा सिन्हा कैंसर के कारण एम्स-दिल्ली में भर्ती हैं। पद्म भूषण से सम्मानित 72 वर्षीय गायिका का अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग में इलाज चल रहा है। 2017 में उन्हें मल्टीपल मायलोमा नामक कैंसर का पता चला था, जो अस्थि मज्जा को प्रभावित करने वाला कैंसर है।
शारदा सिन्हा के पति ब्रज किशोर सिन्हा का निधन कुछ दिनों पहले ही हो गया है। जिसके कुछ दिनों बाद शारदा सिन्हा की तबीयत खराब हो गई और तब से इनका इलाज चल रहा है।
बिहार की लोकगायिका हैं शारदा सिन्हा
शारदा सिन्हा बिहार की सबसे प्रमुख लोकगायिकाओं में से एक हैं और उन्होंने मैथिली, भोजपुरी और मगही भाषाओं में खूब गाने गाए हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों जैसे मैंने प्यार किया और हम आपके हैं कौन के लिए भी लोकप्रिय गीत गाए हैं। उन्होंने अनुराग कश्यप की कल्ट फिल्म गैंग्स ऑफ वासेपुर में तार बिजली गीत भी गाया। उन्हें 1991 में पद्म श्री और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।
