Sharad Pawar Admitted In Hospital: एनसीपी-एसपी नेता शरद पवार को एक बार फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद उन्हें पुणे के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है।
शरद पवार की फिर बिगड़ी तबीयत।
85 वर्षीय राज्यसभा सदस्य और एनसीपी (एसपी) अध्यक्ष को रूबी हॉल क्लिनिक (Ruby Hall Clinic) में भर्ती किया गया है। अस्पताल के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि उन्हें शरीर में पानी की कमी के कारण नसों के जरिए तरल पदार्थ दिए जा रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि वे दो दिन तक अस्पताल में निगरानी में रहेंगे और उसके बाद छुट्टी दी जा सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी 9 फरवरी को सीने में संक्रमण के कारण उन्हें इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 14 फरवरी को छुट्टी दी गई थी।
सुप्रिया सुले ने शेयर की जानकारी
शरद पवार की तबीयत को लेकर बेटी सुप्रिया सुले ने 'एक्स' पोस्ट के जरिए उनकी हेल्थ को लेकर जानकारी शेयर की है. उन्होंने लिखा कि हम बाबा को आगे की जांच और हाइड्रेशन के लिए पुणे के रूबी हॉल अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं. सभी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का धन्यवाद।
शरद पवार का 2004 से पहले मुख कैंसर का ऑपरेशन हुआ था. पिछले कुछ वर्षों में, एनसीपी-एसपी प्रमुख ने भारत और अमेरिका दोनों जगह इस बीमारी से संबंधित कई ऑपरेशन करवाए हैं।
