शरद पवार ने NCP अध्यक्ष पद से क्यों दिया था इस्तीफा? बेटी सुप्रिया सुले ने किया बड़ा खुलासा

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 12, 2023, 07:44 PM IST

Reason Of Sharad Pawar Resignation: जब शरद पवार एनसीपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं देना चाहते थे तो उन्होंने आखिर ये फैसला क्यों लिया? इस बात का खुलासा उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने किया है। उन्होंने बताया है कि पवार के इस्तीफे की वजह भाजपा के साथ जाने की कुछ नेताओं की जिद थी।

Maharashtra Politics News: शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले ने ये दावा किया है कि शरद पवार एनसीपी अध्यक्ष पद से इस्तीफा नहीं देना चाहते थे। ऐसे में अब सवाल उठता है कि आखिर वो ऐसा नहीं करना चाहते थे, तो फिर ये बड़ा फैसला लेने के लिए क्यों मजबूर हो गए। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ जाने की कुछ पार्टी नेताओं की जिद के चलते मई में शरद पवार ने राकांपा अध्यक्ष पद छोड़ देने की चौंकाने वाली घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि ‘पवार साहेब’ कभी अपना इस्तीफा नहीं देना चाहते थे। वह राकांपा के अजित पवार गुट से जुड़े नेता एवं महाराष्ट्र के मंत्री छगन भुजबल के इस दावे के बारे में पूछे गये सवाल का जबाव दे रही थीं कि पार्टी में यह तय किया गया था कि शरद पवार इस्तीफा देंगे।

Supriya Sule Sharad Pawar Ajit Pawar

पवार राकांपा अध्यक्ष पद से देना नहीं चाहते थे इस्तीफा, सुप्रिया सुले का दावा।

भाजपा के साथ जाने के लिए तैयार नहीं थे शरद पवार

छगन भुजबल ने एक मराठी चैनल को दिये इंटरव्यू में कहा, 'शरद पवार भाजपा के साथ जाने के लिए तैयार नहीं थे। यह फैसला किया गया कि वह इस्तीफा देंगे और सुले को पार्टी अध्यक्ष बनाया जाए ताकि राकांपा भाजपा के साथ हाथ मिला सके और सरकार का हिस्सा बन सके।' यह इंटरव्यू बुधवार को प्रसारित किया गया। सभी को चौंकाते हुए शरद पवार ने दो मई को कहा था कि वह राकांपा के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे रहे हैं। उन्होंने स्तब्ध पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध एवं सामूहिक इस्तीफे के बाद यह निर्णय वापस लिया था। उन्होंने ही 1999 में राकांपा बनायी थी और तब से पार्टी की बागडोर उन्हीं के हाथों में है।

End of Feed