Cyclone Akvan: बंगाल की खाड़ी में उठा गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, गुरुवार दोपहर तक तूफान उत्तर आंध्र प्रदेश-यानम और दक्षिण ओडिशा के तटों के बीच नरसापुर से पुरी के आसपास टकरा सकता है। इस दौरान हवा की अधिकतम रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है, जबकि झोंकों की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
आंध्र-ओडिशा के तट पर तूफान 'अकवान' की दस्तक (सांकेतिक फोटो)
ओडिशा के 13 जिलों में रेड अलर्ट
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य नियंत्रण कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक कर तूफान से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग ने राज्य के 13 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, चक्रवात के कारण राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। खासतौर पर दक्षिण ओडिशा और तटीय इलाकों में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
तूफान के प्रभाव से मलकानगिरी, कोरापुट, रायगढ़ा और कालाहांडी समेत कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। इसका असर तटीय क्षेत्र से लेकर बालासोर तक पड़ सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में है और तूफान से निपटने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। जिला कलेक्टरों के साथ भी राहत और बचाव की रणनीति पर चर्चा की गई है।
छह जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद
चक्रवात के खतरे को देखते हुए ओडिशा सरकार ने छह जिलों में 19 से 21 नवंबर तक सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल बंद रखने का फैसला किया है। इन जिलों में आंगनवाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। भारतीय नौसेना और अन्य एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियान चलाया जा सके।
तीन ट्रेनों का समय बदला
तूफान के संभावित प्रभाव को देखते हुए रेलवे ने तीन ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है।
- चेरलापल्ली-शालीमार ईस्ट कोस्ट एक्सप्रेस (18046): सुबह 8:40 बजे की जगह दोपहर 3:40 बजे रवाना होगी।
- सिकंदराबाद-हावड़ा फलकनुमा एक्सप्रेस (12704): दोपहर 3:55 बजे की जगह शाम 5:55 बजे रवाना होगी।
- SMVT बेंगलुरु-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (15227): रात 12:30 बजे की जगह सुबह 8:30 बजे रवाना होगी।
