रेलवे द्वारा विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या की जांच टिकटों की बिक्री और सीसीटीवी कैमरा की लाइव मॉनिटरिंग के माध्यम से की जा रही है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर रेल पूर्वोत्तर रेल और उत्तर मध्य रेल के महाप्रबंधकों को विशेष तौर पर हिदायत दी है कि हर स्टेशन पर यात्रियों की संख्या की मॉनिटरिंग की जाए और उसके हिसाब से विशेष गाड़ियां चलाई जाए। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार की शाम औसत से अधिक यात्री प्रयागराज जाने के लिए आए। रेलवे ने सप्ताहांत में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नई दिल्ली स्टेशन से प्रयाग के लिए समयबद्ध रूप से 5 अनारक्षित ट्रेनें चलाईं। टिकट बिक्री और भीड़ की लगातार निगरानी उच्चतम स्तर पर की गयी। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेलवे बोर्ड के वॉर रूम से स्थिति पर नजर रख रहे थे, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश कुमार भी रेलवे बोर्ड में ट्रेनों की मॉनिटरिंग करते रहे। उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा नई दिल्ली स्टेशन पर मिनी कंट्रोल रूम से नजर रख रहे थे।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से चलाईं 5 अनारक्षित ट्रेनें
टिकटों की ब्रिकी ने तोड़े रिकार्ड
शनिवार की शाम प्रयागराज के लिए टिकट बिक्री सामान्य से अधिक रही। 6 बजे से 7 बजे तक प्रयागराज के लिए 2375 टिकटें बिकीं। मांग को देखते हुए प्रयाग के लिए अनारक्षित ट्रेनें हर घंटे चलाई गईं। ट्रेन संख्या 0470 शाम 7 बजे रवाना हुई। 7 बजे से 8 बजे तक 2950 टिकटें बिकीं। ट्रेन संख्या 04074, रात 8 बजे रवाना हुई। 8 बजे से 9 बजे तक 3429 टिकटें बिकीं, ट्रेन 04080, 8:58 बजे रवाना हुई। 9 बजे से रात 10 बजे तक 2662 टिकटें बिकीं,ट्रेन 04082, 9:58 बजे रवाना हुई। रात 10 बजे से 11 बजे तक 1689 टिकटें बिकीं, ट्रेन 04084, 11:15 बजे रवाना हुई।
