Bengal BJP Protest: पश्चिम बंगाल में हाल ही में महिलाओं को बार में काम करने की अनुमति देने वाले विधेयक को लेकर घमासान मचा हुआ है। इस कानून के खिलाफ कोलकाता में भाजपा नेता रूपा गांगुली सहित अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा नेता की पुलिस के साथ झड़प भी हुई जिसका वीडियो सामने आया है।
रूपा गांगुली ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में भाजपा नेता रूपा गांगुली ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह (ममता बनर्जी) खुद बहुत सारी गलत बातें कहती हैं, जो महिला मुख्यमंत्री के तौर पर उन्हें शोभा नहीं देती... कुछ दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि महिलाओं को रात में बाहर नहीं जाना चाहिए, लेकिन अब महिलाएं बार में काम करेंगी? वह बंगाल की महिलाओं के लिए किस तरह का भविष्य बना रही हैं...
गौरतलब है कि वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने विधानसभा में पश्चिम बंगाल वित्त विधेयक 2025 पेश किया था। इस विधेयक में बंगाल आबकारी अधिनियम 1909 में बदलाव किया गया है। चंद्रिमा भट्टाचार्य का कहना है कि राज्य सरकार महिला और पुरुष को समान अधिकार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
