Samrat Chaudhary and Nitish Kumar Meeting: बिहार में नई सरकार बनने के बाद राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधानसभा में विश्वास मत हासिल कर लिया है। इसके बाद उन्होंने शनिवार को पटना के 1 अन्ने मार्ग स्थित आवास पर जाकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी साथ नजर आए। इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है। सम्राट चौधरी (Samrat Chaudhary Bihar CM) ने नीतीश कुमार को अपना गुरु और मार्गदर्शक बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 20 वर्षों में नीतीश कुमार ने बिहार के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी और राज्य के विकास को प्राथमिकता देगी।
विश्वास मत जीतने के बाद सीएम सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से की मुलाकात
सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को सीएम पद की ली थी शपथ
विश्वास मत विशेष सत्र में पेश किया गया था, जो वॉयस वोट से पास हो गया। 243 सदस्यों वाली विधानसभा में एनडीए के पास करीब 202 विधायकों का समर्थन है, जिससे सरकार की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और वे बिहार के पहले भाजपा मुख्यमंत्री बने हैं। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने राज्य के विकास, कानून व्यवस्था और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। सम्राट चौधरी ने कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार, अपराध और सांप्रदायिकता के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगी। साथ ही, पिछड़े वर्गों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
(Photo: Times Now Digital)
नई सरकार पुराने अच्छे कामों को आगे बढ़ाएगी-सम्राट चौधरी
यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। इससे यह संदेश जाता है कि एनडीए के भीतर एकता बनी हुई है और नई सरकार पुराने अच्छे कामों को आगे बढ़ाएगी। बिहार की जनता अब इस नई सरकार से बेहतर काम की उम्मीद कर रही है। सम्राट चौधरी का यह कदम युवा नेतृत्व और अनुभवी मार्गदर्शन के मेल को दिखाता है। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि नई सरकार अपने वादों को कैसे पूरा करती है और राज्य को किस दिशा में आगे ले जाती है।
