देश

पहलगाम आतंकी हमले को लेकर पुतिन-मोदी की हुई बात, जानिए रूसी राष्ट्रपति ने पीएम से क्या कहा

पहलगाम हमले को लेकर चल रहे गहमागहमी भरे माहौल में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बातचीत हुई है। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया के जरिए दी। इस बातचीत में पुतिन ने भारत की आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में समर्थन देने की बात भी कही।

Image

फाइल फोटो

Photo : PTI

Putin Speaks To Modi: 22 अप्रैल को हुए पहलगाम में हुए आंतकी हमले को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में बातचीत हुई है। पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया और आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। इसके अलावा पुतिन ने आतंकवाद के खिलाफ देश की लड़ाई में समर्थन देने की बात भी की।

इस समय जब भारत-पाक सीमा पर तनातनी का माहौल है। सैनिक अभ्यास की खबरें आ रही हैं, ऑर्डिनेंस फैक्ट्रियों की छुट्टियां रद्द हो रही हैं। ऐसे में रूस की तरफ इस तरह का समर्थन मिलना बड़ी बात है।

रूसी राष्ट्रपति ने फोन करके प्रधानमंत्री से बात की और इस दौरान आतंकी हमले की भर्त्सना भी की। इसके अलावा भारत की आतंक के खिलाफ चल रही मुहिम में समर्थन का आश्वासन भी दिया। इधर से पुतिन को भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रण दिया गया। इसकी जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि, "राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया और भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस जघन्य हमले के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। दोनों नेताओं ने भारत-रूस विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी (स्पेशल एंड प्रिविलेज्ड स्ट्रैटजिक पार्टनरशिप) को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को विजय दिवस की 80वें वर्षगांठ के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और उन्हें इस साल के अंत में भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article