'कुछ लोग डूब जाते हैं, कुछ टूट जाते हैं...', RSS प्रमुख मोहन भागवत ने ऐसा क्यों कहा?

RSS Chief Speech: आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि मुश्किल हालात में हमें अपना मूल स्वभाव बनाए रखना चाहिए। कुछ लोग डूब जाते हैं, कुछ टूट जाते हैं, तो कुछ विपरीत परिस्थितियों के सामने डटकर खड़े हो जाते हैं।

RSS Chief Speech: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को कहा कि भारत ने हमेशा मानवता के "संरक्षक" के रूप में काम किया है और भले ही देश ने कभी दूसरे राष्ट्रों पर शासन नहीं किया, फिर भी इसका सांस्कृतिक प्रभाव पूरी दुनिया में महसूस किया गया।

Mohan Bhagwat

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत (फाइल फोटो)

भागवत ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में तस्नीम पटेल की किताब 'द टॉर्चर्ड ट्रुथ' के विमोचन के बाद यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "हालांकि, मानवता कभी भी भारत की (अनन्य) संपत्ति नहीं रही, फिर भी भारत इसका संरक्षक रहा है।" भागवत ने कहा कि भारत ने कभी दूसरे देशों पर शासन नहीं किया, लेकिन उसका सांस्कृतिक प्रभाव दूर-दूर तक महसूस किया गया।

उन्होंने कहा, "मैं हाल ही में संघ के काम के संबंध में विदेश गया था। मैंने वहां विभिन्न धर्मों के बीच होने वाली बैठकों में भी हिस्सा लिया। अब वहां के लोग भी कहते हैं कि भारत को दूसरों को आगे का रास्ता दिखाना चाहिए।"

'कम मेहनत करके कुछ लोग हो जाते हैं सफल'

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, भागवत ने कहा कि जीवन में चाहे कितनी भी मुश्किलें क्यों न आएं, मनुष्य को अपने अंदर मानवता बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा, "कुछ लोगों को जीवन में ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ता है। कुछ लोग कड़ी मेहनत करते हैं फिर भी असफल हो जाते हैं, जबकि कुछ लोग कम मेहनत करके भी सफल हो जाते हैं। लेकिन हमें हमेशा मानवता के साथ पेश आना चाहिए।"

आरएसएस प्रमुख ने कहा, "आजादी की लड़ाई 1857 में शुरू हुई और 1947 में इसे सफलता मिली। इसका मतलब यह नहीं है कि 1857 में लड़ने वालों की मेहनत और बलिदान का महत्व कम हो जाता है। माहौल, विरोधियों की ताकत और परिस्थितियां परिणाम पर असर डालने वाली मुख्य बातें थीं।"

'विपरीत परिस्थितियों में भी मानवता बनाए रखें'

उन्होंने कहा, "मुश्किल हालात में हमें अपना मूल स्वभाव बनाए रखना चाहिए। कुछ लोग डूब जाते हैं, कुछ टूट जाते हैं, तो कुछ विपरीत परिस्थितियों के सामने डटकर खड़े हो जाते हैं। ऐसी स्थितियां आपकी परीक्षा लेती हैं। ऐसे हालात में मानवता को बनाए रखना जरूरी है।"

End Article
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में का...

End of Feed